Pakistan news: अगले हफ्ते चीन जाएंगे शहबाज शरीफ, तीसरी बार राष्ट्रपति बनने वाले शी जिनपिंग से होगी मुलाकात
इस साल अप्रैल में पदभार संभालने के बाद से शहबाज शरीफ की यह पहली चीन यात्रा होगी। हालांकि, इससे पहले शहबाज शरीफ और शी जिनपिंग के बीच एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान उज्बेकिस्तान में मुलाकात हुई थी।
Shahbaz Sharif China Visit: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अगले सप्ताह चीन का दौरा करेंगे। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने चीन के दौरे पर शहबाज शरीफ, तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बनने वाले शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, शहबाज शरीफ के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधमंडल टीम भी होगी, जिसमें देश के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भी शामिल होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, शहबाज शरीफ और उनकी टीम चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग के साथ बैठक करने वाली है।

बतौर पीएम चीन का पहला दौरा
इस साल अप्रैल में पदभार संभालने के बाद से शहबाज शरीफ की यह पहली चीन यात्रा होगी। हालांकि, इससे पहले शहबाज शरीफ और शी जिनपिंग के बीच एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान उज्बेकिस्तान में मुलाकात हुई थी। हालांकि, इस दौरान द्विपक्षीय बैठक नहीं हो पाई थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, "प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 1-2 नवंबर को विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में चीन का दौरा करेंगे। प्रधान मंत्री चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग के निमंत्रण पर चीन की यात्रा कर रहे हैं।" पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि, चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं कांग्रेस में शी जिनपिंग के लगातार तीसरी बार राष्ट्रपति चुने जाने के बाद शहबाज शरीफ पहले विदेशी नेता होंगे, जिससे शी जिनपिंग की मुलाकात होगी।

कई मुद्दों पर होगी बातचीत
रविवार को एक बधाई संदेश में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि, "पूरे पाकिस्तानी राष्ट्र की ओर से मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग को तीसरे कार्यकाल के लिए सीपीसी महासचिव के रूप में फिर से चुने जाने पर बधाई देता हूं। यह उनके कुशल नेतृत्व और चीन के लोगों की सेवा करने के लिए अटूट समर्पण के लिए एक शानदार श्रद्धांजलि है।" वहीं,पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि, शहबाज शरीफ की यात्रा दोनों देशों के बीच लगातार नेतृत्व स्तर के आदान-प्रदान को लगातार बनाने के लिए है और इससे पता चलता है कि, दोनों देशों के बीच दोस्ती कितनी गहरी है। पाक विदेश कार्यालय ने कहा कि, "प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री ली केकियांग के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों पक्ष ऑल-वेदर स्ट्रैटेजिक कोऑपरेशन पार्टनरशिप की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।"

तीन और नये प्रोजेक्ट की शुरूआत
आपको बता दें कि, शी जिनपिंग के तीसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद पाकिस्तान ने चीन के साथ मिलकर तीन और नये प्रोजेक्ट्स की शुरूआत की है। दोनों देशों की तरफ से कहा गया है, इन प्रोजेक्ट्स से सीपीईसी सहयोग और मजबूत होगा। इस सप्ताह की शुरुआत में मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि, पाकिस्तान और चीन अरबों डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के अलावा तीन नए गलियारे शुरू करने के लिए तैयार हैं। पाकिस्तानी अखबार द न्यूज इंटरनेशनल के मुताबिक, परियोजनाओं का औपचारिक शुभारंभ, जिसमें स्वास्थ्य और डिजिटल गलियारे शामिल हैं, शहबाज शरीफ की चीन यात्रा के दौरान हो सकते हैं। पाकिस्तानी अखबार ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि, ये नए गलियारे पाकिस्तान-चीन संबंधों को मजबूत करने के स्रोत बनेंगे और दोनों देशों को और नजदीक लाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications