AirAsia के विमान में सांप देखकर यात्रियों में हड़कंप, करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, देखिए Video
कुआलालंपुर, 11 फरवरी: मलेशिया में एक डोमेस्टिक फ्लाइट में यात्रियों और क्रू मेंबर को केबिन लाइट में अचानक एक विशाल सांप देखने को मिला, उसके बाद अंदर के माहौल का अंदाजा ही लगाया जा सकता है। पायलट ने फौरन विमान को डायवर्ट करके इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया, ताकि विमान से सांप को हटाया जा सके। बाद में विमान कंपनी की ओर से बताया गया कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन सांप के बारे में अभी डिटेल नहीं मिली है। इससे पहले मैक्सिको में भी एक ऐसी घटना सामने आ चुकी है, जिसमें एक जहरीला सांप फ्लाइट के अंदर मौजूद पाया गया था और विमान को मजबूरन इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी थी। जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार शाम की है।

एयरएशिया के विमान में घुसा सांप
मलेशिया में एयरएशिया की एक डोमेस्टिक फ्लाइट में उड़ान के दौरान यात्रियों और क्रू मेंबर्स की नजर अचानक एक बड़े सांप पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। केबिन लाइट में ऊपर से सांप को खिसकता देख लोग डर गए थे। एयरएशिया की फ्लाइट संख्या एके5748 कुआलालंपुर से तवाऊ की उड़ान पर था। केबिन लाइट में यात्रियों के ऊपर फिसलते हुए सांप को देखकर पायलट को उसे तुरंत डायवर्ट करने के लिए मजबूर होना पड़ा। विमान में उस सांप का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विमान के इमरजेंसी लैंडिंग करवाने की घोषणा सुनाई दे रही है।

यह दुर्लभ घटना- एयरएशिया
टीआरपी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक चीफ सेफ्टी ऑफिसर कैप्टन लियोंग तियेन ने कहा है कि एयरएशिया को इस घटना की जानकारी है। एक बयान में उन्होंने कहा है, 'यह बहुत ही दुर्लभ घटना है, जो कि किसी भी विमान के साथ कभी हो सकता है।' उन्होंने कहा कि 'कैप्टन ने उचित कार्रवाई की और विमान जितनी जल्दी संभव होगा तवाउ की ओर प्रस्थान करेगा।'

किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं- कंपनी
चीफ सेफ्टी ऑफिसर के मुताबिक विमान को डायवर्ट करने का फैसला एहतियाती कदम के तौर पर उठाया गया, ताकि उसे फ्यूमगेट (सैनिटाइज) किया जा सके। कैप्टन लियोंग ने इस बात की भी पुष्टि की है कि इस घटना में किसी को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन सांप का क्या हुआ उसके बारे में उन्होंने विस्तार से जानकारी नहीं दी है।

सांप विमान में कैसे घुसा ?
अभी तक यह मालूम नहीं हो सका है कि सांप विमान के अंदर दाखिल कैसे हुआ। क्या वह खुद से केबिन तक पहुंचने में सफल हुआ या फिर किसी यात्री के लगेज के जरिए वहां तक पहुंचा या फिर कोई यात्री लेकर वहां तक पहुंचा। लेकिन, जबतक विमान को उतारकर यात्रियों को सुरक्षित नहीं निकाला गया, उनके साथ क्रू मेंबर भी दहशत में आ गए थे।
यह वीडियो हो रहा है वायरल
इससे पहले मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी और उत्तरी राज्य कोआहुलिया के टोरियोन शहर के बीच एरोमेक्सिको की उड़ान में भी एक विशाल और जहरीला सांप दिखाई पड़ा था, जिसके चलते विमान की इमरजैंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। (विमानों और एयरपोर्ट की तस्वीर-सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications