अमेरिका में भारतीय दूतावास की बढ़ाई गई सुरक्षा, खालिस्तानियों के प्रदर्शन से पहले भारी फोर्स तैनात
US Khalistan Protest: भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खालिस्तान समर्थक समूहों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रिपोर्टों के अनुसार, खालिस्तान समर्थक समूहों की वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के सामने प्रदर्शन करने की संभावना है, जहां भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया गया है।
मंगलवार की सुबह, (अमेरिकी समय के मुताबिक-भारत में बुधवार) अलगाववादी सिखों का एक छोटा समूह भारतीय दूतावास के बाहर इकट्ठा हुआ था, लेकिन उनकी संख्या वाशिंगटन डीसी पुलिस, यूएस पार्क पुलिस और यूएस सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों सहित कई सुरक्षा अधिकारियों के मुकाबले काफी कम थी।

लिहाजा, उनका प्रदर्शन फीका रह गया। इस बीच, अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने अपने आधिकारिक आवास इंडिया हाउस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकी शामिल हुए।
खालिस्तानियों का उपद्रव
अमेरिका में इस साल कुछ दिनों के अंतराल पर खालिस्तान समर्थन उपद्रव मचाने में लगे हैं। इससे पहले 19 मार्च को, खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला कर दिया था और दूतावास को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसकी भारतीय अमेरिकियों ने कड़ी निंदा की और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
विशेष रूप से, खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने हिंसा भड़काने का प्रयास किया था और यहां तक कि, उसी महीने के दौरान भारतीय दूतावास के प्रतिनिधि को धमकी भी दी, लेकिन अमेरिकी पुलिस ने खालिस्तानियों को दूतावास तक पहुंचने नहीं दिया था।
खालिस्तानी कार्यकर्ताओं ने 2 जुलाई को फिर से सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास को जलाने का प्रयास किया था। भारत ने कहा है, कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर हिंसा की वकालत करने वालों या आतंकवाद को वैध बनाने वालों को जगह नहीं दी जानी चाहिए।
राजनयिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने जुलाई में कहा था, कि राजनयिकों की सुरक्षा और भारतीय मिशनों की सुरक्षा, सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और नई दिल्ली ने इसे संबंधित देशों के साथ उठाया है।
जुलाई में बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकियों ने खालिस्तान समर्थकों द्वारा डिप्लोमेटिक फैसिलिटी केन्द्रों में आगजनी के प्रयास के बाद भारत के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए, सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास के सामने एक शांति रैली भी आयोजित की थी।
इस बीच, भारत ने कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे अपने साझेदार देशों से कहा है, कि वे "चरमपंथी खालिस्तानी विचारधारा" को जगह न दें, क्योंकि यह द्विपक्षीय संबंधों के लिए "अच्छा नहीं" है।
वहीं, पिछले हफ्ते ब्रिटेन ने खालिस्तानियों की नाक में नकेल कसने के लिए 3 करोड़ का फंड जारी किया है, और इन पैसों से खालिस्तानियों के बारे में जानकारियां जुटाई जाएंगी और फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications