Russia: गद्दारी करने वालों को कुचल देंगे... रूसी राष्ट्रपति पुतिन का ऐलान, वैगनर का दो सैन्य ठिकानों पर कब्जा
Russia Coup: रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सत्ता का तख्तापलट करने की कोशिश की गई है, जिसके बाद रूस में जंग के हालात बनने लगे हैं। तख्तापलट की कोशिश करने वाला वैगनर ग्रुप लगातार राजधानी मॉस्को की तरफ बढ़ता जा रहा है, जबकि राष्ट्रपति पुतिन ने देश के नाम संबोधन में कहा है, कि गद्दारों को कुचल दिया जाएगा।
आपको बता दें, कि मॉस्को के सैन्य नेतृत्व और निजी भाड़े के समूह वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन, जो कुछ दिनों तक एक साथ यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे थे, वो अचानक अब एक दूसरे के खिलाफ लड़ने लगे हैं। और ये पूरा घटनाक्रम काफी नाटकीय तरीके से खुले विद्रोह में बदल गया है, जिसके बाद रूस में युद्ध की आशंका काफी बढ़ गई है।

दो सैन्य मुख्यालयों पर कब्जे का दावा
वैगनर समूह रोस्तोव शहर के सैन्य मुख्यालय को अपने नियंत्रण में लेने का दावा किया। वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन ने एक वीडियो संदेश में दावा किया है, कि वह यूक्रेन सीमा के करीब दक्षिणी रूस में रोस्तोव-ऑन-डॉन में है, और उसकी सेना के पास वहां सैन्य सुविधाओं और हवाई क्षेत्र का नियंत्रण में ले लिया है।
उन्होंने प्रतिज्ञा की है, कि अगर रूस के रक्षा मंत्री और शीर्ष जनरल शहर आकर उनसे नहीं मिलेंगे, तो वो रूस के दक्षिणी सैन्य जिले के मुख्यालय रोस्तोव को देश के बाकी हिस्सों से ब्लॉक कर देंगे। इसके साथ ही उन्होंने मॉस्को भी पहुंचने की चेतावनी जारी की है। येवगेनी प्रिगोजिन ने कहा है, कि उसके लड़ाके लगातार रोस्तोव शहर में यूक्रेन से दाखिल हो रहे हैं और सीमा पर तैनात रूस के सैनिक, उनका कोई विरोध नहीं कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और रोस्तोव शहर से संबंधित वीडियो में शनिवार सुबह सड़कों पर सैन्य वाहन और शहर के ऊपर हेलीकॉप्टर दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वाहन किसके नियंत्रण में हैं। हालांकि, येवगेनी प्रिगोजिन ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर कई वीडियो डाले हैं, जिसमें उसके लड़ाकों को रूस के एक शहर में देखा जा रहा है।
वोरोनिश पर नियंत्रण का दावा: वैगनर समूह ने ये भी दावा किया है, कि उसने रूस के दक्षिण-पश्चिमी शहर वोरोनिश के रूसी सैन्य सुविधाओं पर नियंत्रण कर लिया है। वैगनर ने दावा किया है, कि वोरोनिश शहर के रूसी सैनिक उनके ही पक्ष में आ गये हैं और वो सभी एक साथ हैं। इससे पहले, वोरोनिश ओब्लास्ट के गवर्नर ने कहा था, कि "सैन्य उपकरणों का एक काफिला एम-4 डॉन फेडरल हाईवे के साथ आगे बढ़ रहा है।" आपको बता दें, कि एम-4 वोरोनिश और रोस्तोव-ऑन-डॉन को जोड़ने वाला एक राजमार्ग है, जो रोस्तोव क्षेत्र के उत्तर में है।
पुतिन ने क्या चेतावनी दी है?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को एक संबोधन में वैगनर फोर्स से वापस लौट जाने की अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं उन लोगों से अपील करता हूं जिन्हें सैन्य विद्रोह के उकसावे में आ गये हैं।" पुतिन ने कहा कि इस समय, "हमें एकता, एकीकरण और जिम्मेदारी की आवश्यकता है।" पुतिन ने आगे चेतावनी देते हुए कहा, कि "जब आप आतंकवादी हमलों की तैयारी करते हैं, तो आप जानबूझकर देशद्रोह के रास्ते पर चलते हैं, सशस्त्र विद्रोह की तैयारी कर रहते हैं और ऐसे लोगों को दंडित किया जाएगा।"
इसके अलावा राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, कि वो किसी भी हाल में एक बार रूस का विभाजन नहीं होंने देंगे और सभी लोगों की रक्षा की जाएगी। रूसी राष्ट्रपति ने ये भी कहा, कि यूक्रेन में रूस के सैनिक काफी बहादुरी के साथ लड़ रहे हैं और इसके हाद उन्होंने वैगनर समूह को वापस लौट जाने की नसीहत दी है।
इसके बाद अपने संबोधन में रूस के राष्ट्रपति ने वैगनर के बॉस येवगेनी प्रिगोजिन के बारे में कहा, कि अत्यधिक महत्वाकांझा ने उसे देशद्रोह करने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने सीधी चेतावनी देते हुए येवगेनी प्रिगोजिन को कहा, कि देशद्रोह करने वाले को और इस विद्रोह में जितने भी लोग शामिल हैं, उन्हें निश्चित ही सजा दी जाएगी।
राष्ट्रपति पुतिन ने येवगेनी प्रिगोजिन की हरकत को पीठ में छूरा घोंपने जैसा बताया है। आपको बता दें, कि येवगेनी प्रिगोजिन कुछ समय पहले तक रूसी राष्ट्रपति के काफी करीबी हुआ करते थे और पुतिन के साथ वो यूक्रेन युद्ध की रणनीतियां तैयार करते थे, लेकिन अब वो पुतिन का तख्तापलट करने के लिए मॉस्को आने आ रहे हैं। लिहाजा, पुतिन ने कहा, कि उनके साथ विश्वासघात किया गया है और हथियारों के साथ जो विद्रोह किया जा रहा है, उसके खिलाफ अत्यंत कठोर प्रतिक्रिया दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications