रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन युद्ध, वैगनर विद्रोह को लेकर पीएम मोदी से फोन पर की बात-रिपोर्ट
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन और प्राइवेट सेना वैगनर आर्मी के विद्रोह को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। यह जानकारी क्रेमलिन ने एक बयान जारी कर दी है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पुतिन पीएम मोदी की जमकर तारीफ कर चुके हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के पीएम मोदी से उसके अपने मसलों पर चर्चा की रिपोर्ट न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से आई है। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों नेताओं ने फोन पर बातचीत के दौरान शंघाई सहयोग संगठन (SCO) और जी20 को लेकर भी आपस में बात की है।

वैगनर विद्रोह और यूक्रेन मसले पर की बात
क्रेमलिन की ओर से कहा गया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के आसपास के हालातों पर प्रधानमंत्री मोदी से बात की है; और साथ ही साथ रूस ने प्राइवेट वैगनर आर्मी के विद्रोह से कैसे निपटा है, इसकी भी चर्चा की है।
24 जून को रूस में हुई घटनाओं पर चर्चा हुई
क्रेमलिन की ओर से कहा गया है कि 'आज भारत की ओर से पहल के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। रूस में हुई 24 जून की घटनाओं को लेकर, नरेंद्र मोदी ने कानून और व्यवस्था की रक्षा, देश में स्थिरता और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रूसी लीडरशिप के निर्णायक कदमों के प्रति समझ और समर्थन जाहिर किया।'
एससीओ,जी20 और ब्रिक्स पर भी हुई बात
इसकी ओर से बताया गया है कि दोनों नेताओं की ओर से द्विपक्षीय सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान 'विभिन्न क्षेत्रों में प्रमुख संयुक्त परियोजनाओं के निरंतर अमल की अहमियत को रेखांकित किया और 2022 और इस वर्ष की पहली तिमाही में व्यापार में पर्याप्त बढ़ोतरी पर संतोष व्यक्त किया। एससीओ और जी20, जिसकी भारत वर्तमान में अध्यक्षता कर रहा है, उसके साथ-साथ ब्रिक्स प्रारूप में बातचीत पर खास जोर दिया गया।'
इसके मुताबिक इस दौरान 'नरेंद्र मोदी ने अपने अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें उनकी हालिया वाशिंगटन यात्रा भी शामिल है। यूक्रेन के आसपास के हालात को भी चर्चे में शामिल किया गया। रूसी राष्ट्रपति ने स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन जोन मामलों की वर्तमान स्थिति पर अपना आकलन रखा।'
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पुतिन ने पीएम मोदी को अपना 'बड़ा दोस्त' बताा था और का था कि वह उनके 'मेक इन इंडिया' अभियान का अनुकरण करना चाहते हैं, क्योंकि इसने भारत की अर्थव्यस्था पर 'सच में प्रभावकारी असर' डाला है।
पुतिन ने मास्को में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में यह बातें कही थीं। रूस के आरटी न्यूज के मुताबिक उन्होंने कहा था, 'भारत में हमारे दोस्त और हमारे बड़े मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ साल पहले मेक इन इंडिया अभियान शुरू किया था। इसने सभी में भारतीय अर्थव्यवस्था पर प्रभावकारी असर डाला है। जो अच्छा कर रहा है, उसका अनुकरण करने में कोई हानि नहीं है, चाहे इसे हमने नहीं किया था, बल्कि हमारे दोस्त ने शुरू किया था।'












Click it and Unblock the Notifications