भारत में रूसी सांसद और उनके दोस्त की संदिग्ध मौत, नमूने नहीं किए गये जमा, यूक्रेनी राजदूत ने उठाए सवाल
रूसी सांसद और बिजनेसमैन पावेल एंटोव पुतिन के आलोचक थे और शुरूआती जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका भी जताई है। वहीं, ट्वीटर पर उनकी मौत को लेकर देश- विदेश के पत्रकार सवाल उठा रहे हैं।
Russia-Ukraine War: भारत के ओडिशा में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक रहे रूसी सांसद और बिजनेसमैन पावेल एंटोव और उनके साथी व्लादिमीर बेदेनोव की संदिग्ध मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गये हैं। सबसे ज्यादा सवाल पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे हैं, क्योंकि पुलिस ने कहा है, कि दाह संस्कार से पहले दोनों ही शवों के नमूने जमा नहीं किए गये। दोनों मौतों को लेकर रहस्य इसलिए भी गहरा गया है, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के फोरेंसिक विशेषज्ञों ने कहा कि, सांसद के दाह संस्कार से पहले उनके शव से विसरा को संरक्षित नहीं किया गया और पुलिस ने नमूने भी नहीं मांगे थे।

सांसद-बिजनेसमैन की मौत पर उठे सवाल
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने कहा कि, "निश्चित तौर पर जांच के लिए हमें उनके शव के सैंपल्स की जरूरत होगी।" फोरेंसिक विशेषज्ञों का ये भी कहना है, कि जांच के लिए सिर्फ ऑटोप्सी और विसरा रिपोर्ट पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। वहीं, टाइम्स ऑफ इंडिया के मुतिहबा ओडिशा के क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी राज्य पुलिस अपराध शाखा के एक अधिकारी ने कहा कि, अप्राकृतिक मौतों को लेकर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के सांसद और बिजनेसमैन पावेल एंटोव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है, कि उनकी मौत गिरने की वजह से हुई है और उनके शरीर में अंदरूनी चोट के निशान मिले हैं। वहीं, उनके साथी व्लादिमीर बेदेनोव की मौत की वहज हार्ट अटैक बताई गई है। ये दोनों दक्षिण ओडिशा के रायगड़ा शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे और उनकी मौत को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

पुलिस पर विसरा नहीं मांगने का आरोप
रूसी सांसद एंटोव की उम्र 65 साल थी और उनके दोस्त व्लादिमीर बेदेनोव की उम्र 61 साल थी और ओडिशा पुलिस ने कहा है, कि उनकी मौत की जांच के आदेश दे दिए गये है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सॉसेज टाइकून एंटोव पिछले शनिवार को अपने होटल की तीसरी मंजिल से गिरकर मर गये थे और उनकी मौत के दो दिनों के बाद उसी होटल में दिल का दौड़ा पड़ने से बिदानोव की भी मौत हो गई थी। वहीं, रायगड़ा के मुख्य जन स्वास्थ्य अधिकारी लालमोहन राउत्रे ने कहा कि, व्लादिमीर बेदेनोव का पोस्टमार्टम करने के बाद उनके शव के नमूमों को प्रयोगशाला जांच के लिए रखा गया था। उन्होंने कहा कि, विसरा में लिवर, हृदय, प्लीहा, फेफड़े और गुर्दे के नमूने शामिल होते हैं, जिन्हें फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जाता है, जब मृत्यु का कारण अज्ञात रहता है। उन्होंने कहा कि, एंटोव के शरीर पर चोट के कई निशान थे, शायद गिरने की वजह है। लेकिन, पुलिस ने विशेष रूप से विसरा के नमूने भेजने के लिए नहीं कहा था।"
धीरे-धीरे मामला पकड़ रहा तूल
दोनों रूसी नागरिकों की मौत को लेकर अब मामला तूल पकड़ रहा है और पूर्व पुलिस अधिकारी और कानून विशेषज्ञों ने मानक प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने की बात कही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा के पूर्व डीजीपी बिपिन बिहारी मिश्रा ने कहा कि, विसरा को आगे की जांच के लिए रखा जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि, "वह एक आदर्श स्थिति होती है।" वहीं, पंजाब के बठिंडा में आदेश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में फोरेंसिक मेडिसिन के प्रोफेसर विशाल गर्ग ने कहा कि, जहां भी संदेह हो, रासायनिक परीक्षण के लिए नमूनों को सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि, "मुझे आश्चर्य है, अगर ऐसा नहीं किया गया, खासकर तब जब दो लोगों की इतनी जल्दी जल्दी मौत हो जाती है।" वहीं, उड़ीसा हाई कोर्ट के वकील देवाशीष पांडा ने कहा कि, पुलिस और डॉक्टरों को नमूने रखने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि, "अगर यह स्पष्ट है, कि किसी की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है, तो रासायनिक परीक्षण की आवश्यकता नहीं है। लेकिन जब कोई गवाह ही नहीं है, तो कोई इतना निश्चित कैसे हो सकता है?"

क्या झगड़े की वजह से गई जान?
पुलिस इस बात की जांच कर रही है, कि क्या एंटोव और उनके दोस्त व्लादिमीर बेदेनोव के बीच झगड़ा हुआ था, जैसा कि होटल के कर्मचारियों ने बताया है। कमरे में चारों ओर शराब की टूटी बोतलें और प्लेटें बिखरी पड़ी मिलीं हैं। वहीं, डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी सांसद एंटोव, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के मुखर आलोचकों में से एक थे, हालांकि वो पुतिन की पार्टी के ही सांसद थे। जब रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर एयरस्ट्राइक करते हुए भारी बमबारी की थी, तो उन्होंने पुतिन की जमकर आलोचना की थी। हालांक, बाद में उन्होंने दबाव बढ़ने के बाद माफी भी मांगी थी। उन्होंने बाद में कहा था, कि वो रूसी राष्ट्रपति के साथ हैं और युद्ध के पक्ष में हैं।
रूस की तरफ से क्या कहा गया?
ओडिशा क्राइम ब्रांच ने अभी तक इस मामले में एक रूसी जोड़े से पूछताछ की है। 44 साल की पनसासेंको नतालिया और उवके पति तुरोव मिखाइल, जो 64 साल के हैं, उनके साथ पूछताछ के अलावा उनके भारतीय गाइड जितेन्द्र सिंह से भी पूछताछ की गई है। ये सभी उसी रायगढ़ा होटल में रुके थे। इसके साथ ही उनके ड्राइवर नतोबर मोहंती से भी पूछताछ की गई है। वहीं, रूसी की तरफ से अभी कुछ खास बयान नहीं आया है, लेकिन बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता स्थित रूसी कान्सुलेट के प्रवक्ता ने दोनों रूसी पर्यटकों की मौत को लेकर किसी भी तरह की साजिश की संभावना से इनकार कर दिया है। वहीं, ऑस्ट्रिया में यूक्रेन के राजदूत अलेक्जेंडर शेरबा ने सांसद एंटोव की मौत को लेकर पुतिन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा है, कि "रूस के सबसे अमीर राजनेताओं में से एक पावेल एंटोव (64) की भारत में एक होटल की खिड़की से गिरकर मौत हो गई। कलकत्ता में रूसी महावाणिज्यदूत ने कहा कि पुलिस को एंटोव की मौत के बारे में कुछ भी संदिग्ध नहीं लगता"। इसके साथ ही उन्होंने हैशटैग दिया है #stopputin और #StandWithUkraine।












Click it and Unblock the Notifications