अमेरिका और रूस के सेनाध्यक्षों के बीच हुई सीक्रेट बातचीत, क्या खत्म होने की तरफ बढ़ा यूक्रेन युद्ध?
पिछले एक हफ्ते में अमेरिका और रूस के बीच कई दफे टेलीफोन पर बात की गई है और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जो बातचीत रूक गई थी, वो एक बार फिर से शुरू हो गई है।
Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अब माना जा रहा है, कि खत्म होने की तरफ बढ़ रहा है और पिछले कई महीनों के बाद अमेरिका और रूस के बीच चल रही उच्चस्तरीय बातचीत फिर से शुरू हो गई है। पिछले हफ्ते ही अमेरिका और रूस के रक्षामंत्रियों के बीच सीक्रेट बातचीत होने के बाद अब अमेरिका और रूस के टॉप सैन्य अफसरों के बीच भी बातचीत की गई है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल मार्क मिले और उनके रूसी और यूक्रेनियन समकक्षों के बीच काफी अहम बातचीत की गई है।

रूस-यूएस सैन्य अधिकारियों में बातचीत
अमेरिका के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल मार्क मिले ने सोमवार को अपने रूसी और यूक्रेनी समकक्षों के साथ बात की है। उनके प्रवक्ता ने एक प्रेस रीडऑउट में इन फोन कॉलों को लेकर जानकारी दी है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि, "रूसी जनरल स्टाफ के प्रमुख जनरल वालेरी गेरासिमोव के साथ अपनी बातचीत में उन्होंने सुरक्षा से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की और कम्युनिकेशन की लाइनों को खुला रखने पर सहमति व्यक्त की"। हालांकि, उनके प्रवक्ता ने ये भी कहा कि, 'दोनों सैन्य अधिकारियों के बीच की बातचीत को प्राइवेट रखा जाएगा।' प्रवक्ता ने कहा कि, यूएस जनरल मार्के मिले ने यूक्रेनी आर्म्ड फोर्स के प्रमुख जनरल वालेली जालुजनी के साथ भी फोन पर बात की है, जिसमें यूक्रेन पर किए जाने वाले रूसी आक्रमण को लेकर बातचीत की गई है। रीडऑउट के मुताबिक, अमेरिकी जनरल ने इस दौरान 'यूक्रेन की संप्रभुता उसकी क्षेत्रीय अखंडता की पुष्टि' की है।

रक्षामंत्रियों के बीच भी बातचीत
आपको बता दें कि, पिछले एक हफ्ते में अमेरिका और रूस के बीच कई दफे टेलीफोन पर बात की गई है और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जो बातचीत रूक गई थी, वो एक बार फिर से शुरू हो गई है। इससे पहले रूसी रक्षामंत्री सर्गेई शोइगु और अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के बीच एक हफ्ते में दूसरी बार टेलीफोन पर बातचीत की गई है। हालांकि, उस बातचीत के डिटेल्स को भी सीक्रेट रखा गया है। लिहाजा, माना जा रहा है, कि पर्द के पीछे से अब इस युद्ध को खत्म करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। हालांकि, पेंटागन ने दूसरी तरफ ये भी कहा है, कि "अमेरिकी रक्षामंत्री लॉयड ऑस्टिन ने सोमवार को नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग के साथ रूस सहित कई और सुरक्षा मुद्दों पर बात की है"। वहीं, रिपोर्ट है कि, अमेरिकी रक्षामंत्री से बातचीत के दौरान रूसी रक्षा मंत्री ने यूक्रेन पर 'डर्टी बम' का इस्तेमाल करने की योजना बनाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, अमेरिका ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

सीक्रेट बातचीत में क्या हो रहा है?
वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि, दोनों नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा की। हालांकि, इससे ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया गया। वहीं, अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फोन कॉल की पहल रूसी रक्षा मंत्री की तरफ से की गई थी। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बातचीत से जानकार एक अमेरिकी अधिकारी ने खहा कि, रूसी रक्षा मंत्री ने यूक्रेन पर डर्टी बम का इस्तेमाल करने की योजना बनाने का दावा किया है, जिसे अमेरिका ने खारिज कर दिया है। आपको बता दें कि, डर्टी बम एक पारंपरिक बम ही है, लेकिन इसमें विस्फोटक को यूरेनियन से जोड़ दिया जाता है, लिहाजा ये काफी खतरनाक हो जाता है। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति अभी भी अमेरिका और सहयोगी देशों से एयर डिफेंस सिस्टम की मांग कर रहे हैं।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की मांग
एक तरफ बातचीत चल रही है, तो दूसरी तरफ युद्ध भी जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका और सहयोगी देशों से एयर डिफेंस सिस्टम देने की मांग की है, ताकि रूसी हमले की धार को कुंद किया जा सके। यूक्रेनी खुफिया एजेंसी का दावा है कि, ईरान ने रूस को 2 हजार से ज्यादा 'सुसाइड़ ड्रोन' दिए हैं, जिससे यूक्रेन में भीषण तबाही मचाई गई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि, रूस ईरानी-निर्मित ड्रोन के बदले में अपने परमाणु कार्यक्रम के साथ ईरान को सहायता की पेशकश कर सकता है, जिसका उपयोग रूस ने हाल के हफ्तों में यूक्रेन को पछाड़ने के लिए किया है। हालांकि उन्होंने उस दावे का समर्थन करने के लिए कोई सबूत नहीं दिया। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि, "रूस युद्ध के मैदान पर एक वास्तविक टकराव में हमसे हार गया। पुतिन की सेना नहीं जानती कि, कैसे लड़ना है। हमने उन्हें अपनी जमीन पर इस तरह से पीटा, कि वह अन्य क्षेत्रों से भी अपनी टुकड़ियों को वापस लेने के लिए मजबूर हो गए।" आपको बता दें कि, जेलेंस्की ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम की मांग उस वक्त दोहराई है, जब उन्होंने पिछले हफ्ते इजरायल से उसका एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम, जो मिसाइल हमलों और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए पर्याप्त है, उसे देने की मांग की थी।

युद्ध खत्म करने की कोशिशें
आपको बता दें कि, अमेरिका और रूस के बीच पिछले एक हफ्ते में फिर से बातचीत शुरू हो गई है और सीनियर अधिकारियों के बीच बातचीत की जा रही है। ये बातचीत उस वक्त हो रही है, जब डेमोक्रेटिक पार्टी के 30 से ज्यादा नेताओं ने राष्ट्रपति बाइडेन को चिट्टी लिखकर युद्ध खत्म करने के लिए रूस के साथ सीधी बातचीत करने का आह्वान किया है। वहीं, अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने ईरान को धमकी दी है, कि वो रूस को 'सुसाइड ड्रोन' देकर बहुत बड़ी गलती कर रहा है। वहीं, उन्होंने यूक्रेन के साथ अमेरिकी प्रतिबद्धता को भी दोहराया है। डेमोक्रेटिक सांसदों ने बाइडेन से कहा है, कि वो यूक्रेन युद्ध को लेकर अपनी स्ट्रैटजी में बदलाव करे और लंबे समय से चले आ रहे इस युद्ध को रोकने के लिए खुद डिप्लोमेटिक कोशिशें शुरू करें।












Click it and Unblock the Notifications