यूक्रेन के 'नमक के शहर' बखमुत पर रूस का कब्जा, जेलेंस्की ने मानी हार.. इस जीत से पुतिन को कितना फायदा?
ज़ेलेंस्की ने पुष्टि कर दी है, कि रूसी सैनिकों वैगनर फोर्स की मदद से आठ महीने की खूनी लड़ाई के बाद बखमुत शहर पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। जेलेंस्की ने कहा, कि लड़ाई ने बखमुत शहर को खंडहर में तब्दील कर दिया है।

Russia Wins Bakhmut: रूसी सेना ने शनिवार को दावा किया, कि उसने यूक्रेन के प्रसिद्ध पूर्वी शहर बखमुत पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। हालांकि, शनिवार को यूक्रेन ने रूस के दावे को फर्जी बताया था, लेकिन आज यूक्रेन के राष्ट्रपति ने बखमुत शहर में हार स्वीकार कर ली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बखुमत शहर को जीतने में वैगनर ग्रुप के येवगेनी प्रिगोझिन ने काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वैगनर ग्रुप ने बखमुत पर चौतरफा हमला किया था और पिछले 10 महीनों के जंग में वैगनर ग्रुप को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
वैगनर ग्रुप के प्रमुख प्रिगोझिन ने कहा, कि उसके सैनिकों ने आखिरकार यूक्रेनियन को शहर से पूरी तरह से बाहर कर दिया है और अब बखमुत शहर पर रूस का नियंत्रण स्थापित हो गया है।
पुतिन ने कहा- खत्म होती है बखमुत की लड़ाई
रूस ने यूक्रेन के बखमुत पर पूरी तरह से कब्जा करने के बाद राष्ट्रपति पुतिन ने अपने सैनिकों और भाड़े के वैगनर ग्रुप को पूर्वी शहर पर कब्जा करने के लिए बधाई दी है।
बखमुत शहर, जो नमक उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है, युद्ध शुरू होने से पहले उसकी आबादी करीब 70 हजार थी, लेकिन पिछले 10 महीनों की लड़ाई के बाद अब इस शहर में कोई नहीं है। पूरा शहर सुनसान हो गया है और रूस ने कहा है, कि उसने हर एक घर की जांच कर ली है।
बखमुत शहर पिछले 10 महीनों में खूनी लड़ाई का गवाह बना है और यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है, कि अब बखमुत शहर में कुछ नहीं बचा है, रूसियों ने सबकुछ तबाह कर दिया है।
बखमुत की हार से यूक्रेन को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है, वहीं 10 महीनों के संघर्ष के बाद आखिरकार रूस को एक बड़ी जीत मिल गई है।
रूस की समाचार एजेंसी TASS ने कहा है, कि रूसी राष्ट्रपति ने घोषणा की है, कि जिन्होंने खुद को बखमुत की जंग में झोंक दिया था और जिन्होंने इस जंग को जीता है, उन्हें पुरस्कार दिया जाएगा।

बखमुत के साथ क्या करेगा रूस?
रिपोर्ट के मुताबिक, बखमत शहर की जंग जीतने के बाद अब उसे रूस, यूक्रेन से अलग होने की घोषणा कर देगा, जैसी घोषणा डोनेत्सक और लोहान्स्क जीतने के बाद की गई थी। उसे अब यूक्रेन से पूरी तरह से अलग नया राज्य घोषित कर दिया जाएगा।
वहीं, वैगनर के बॉस प्रिगोझिन ने पहले कहा था, कि बखमुत शहर जीतने के बाद वो नमक और खनिजों को बेचेगा और उससे हुई कमाई से उसके सैनिकों को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करेगा।
मास्को ने लंबे समय से दावा किया है, कि बखमुत पर कब्जा करना, डोनबास क्षेत्र में और गहराई से आगे बढ़ने की दिशा में एक कदम होगा। डोनबास को लेकर पहले ही रूस दावा कर चुका है, कि उस शहर पर उसका कब्जा हो चुका है।
वहीं, वैगनर समूह के बॉस प्रिगोझिन ने स्वीकार किया है, कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप की सबसे खूनी जमीनी लड़ाई में भीषण नुकसान हुआ है और रूस के लिए इस जंग में जीत हासिल होने के बाद भी, इस जीत का सिर्फ प्रतीकात्मक महत्व है, और इसका सामरिक महत्व काफी कम है।

कैसे बढ़ी बखमुत की लड़ाई?
यूक्रेन के पूर्वी डोनबास क्षेत्र में बखमुत शहर के लिए लड़ाई, यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण का सबसे लंबा और सबसे खूनी संघर्ष बन गया है।
8 मई 2022- यूक्रेन ने पुष्टि की थी, कि बखमुत से 24 किमी पूर्व में एक शहर पोपस्ना से उसकी सेना वापस बुला ली हई है, जहां दो बस्तियों के बीच एक प्रमुख सड़क है। रूसी सेना अब बखमुत की ओर बढ़ सकती है और तोपखाने से उस पर धावा बोल सकती है।
9 अगस्त 2022- ब्रिटिश रक्षा ख़ुफ़िया विभाग ने कहा था, कि बखमुत धुरी पिछले 30 दिनों के दौरान रूस का सबसे सफल मोर्चा रहा है और सैनिक इस क्षेत्र में लगभग 10 किमी आगे बढ़ चुके हैं।
8 अक्टूबर 2022- रूसी भाड़े के समूह वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने दावा किया, कि उसके सैनिकों ने बखमुत शहर पर आक्रमण शुरू कर दिया है।
15 अक्टूबर 2022- यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा, कि बखमुत, सभी फ्रंट लाइनों में "सबसे कठिन" है। उन्होंने कहा, 'हम अपनी स्थिति पर बने हुए हैं।

20 दिसंबर 2022- यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की बखमुत शहर का आश्चर्यजनक दौरा करते हैं और अपने सैनिकों पर में जोश भरने की कोशिश करते हैं।
25 जनवरी 2023 - यूक्रेन की सेना ने कहा, कि वह बखमुत के उत्तर में सोलेदार शहर से पीछे हट गई है। उससे दो हफ्ते पहले, प्रिगोझिन ने अपने कुछ लड़ाकों के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने कहा था, कि यह सोलेदार की नमक की खानों में से एक है, जिसपर उनका कब्जा हो गया है।
3 फरवरी 2023- ज़ेलेंस्की ने कहा, कि यूक्रेन बखमुत के लिए "जब तक हम लड़ सकते हैं" लड़ेंगे। उन्होंने कहा, कि "कोई भी बखमुत आसानी से नहीं देगा ... हम बखमुत को अपना किला मानते हैं।"
10 मार्च 2023- मार्च की शुरुआत में पीछे हटने की योजना बनाने के बाद, और पश्चिमी देशों के सहयोगियों के बखमुत के सामरिक महत्व पर सवाल उठाने के बाद, यूक्रेन ने बखमुत में अपने संकटग्रस्त सैनिकों को मजबूत करने का फैसला किया, और कहा कि लड़ाई रूस की सर्वश्रेष्ठ सैन्य इकाइयों को खत्म कर रही है।
22 मार्च 2023- ज़ेलेंस्की ने बखमुत के पास सैनिकों को उनकी बहादुरी के लिए धन्यवाद देने और पुरस्कार देने के लिए फिर से एक सरप्राइज दौरा किया।
2 अप्रैल 2023- वैगनर प्रमुख प्रिगोझिन ने बखमुत के सिटी हॉल के ऊपर रूसी झंडा फहराया। उन्होंने दावा किया, कि इमारत पर कब्जा करने का मतलब है, कि बखमुत पर मास्को ने "कानूनी दृष्टिकोण से" कब्जा कर लिया है। यूक्रेन ने उनके दावे को खारिज करते हुए कहा था, कि यह स्पष्ट नहीं है कि प्रिगोझिन ने झंडा कहां लगाया था।
11 अप्रैल, 2023 - प्रिगोझिन का कहना है कि वैगनर बखमुत के 80 प्रतिशत से अधिक को नियंत्रित करता है। यूक्रेन ने इसका खंडन करते हुए कहा है कि यह शहर के 20 प्रतिशत से अधिक हिस्से को "काफी" नियंत्रित करता है।
26 अप्रैल 2023- यूनाइटेड किंगडम के रक्षा मंत्रालय ने कहा, कि लड़ाई पिछले एक हफ्ते में बखमुत के पश्चिमी बाहरी इलाके में पहुंच गई है, विशेष रूप से इसके उत्तर-पश्चिमी किनारे पर ख्रोमोव की बस्ती के आसपास भारी जंग हो रही है, क्योंकि यूक्रेन मुख्य पहुंच मार्ग पर नियंत्रण बनाए रखना चाहता है।
1 मई 2023- यूक्रेन ने भयंकर लड़ाई के बीच बखमुत में कुछ जगहों से रूसी सेना को बाहर करने का दावा किया।
10 मई 2023- यूक्रेन के थल सेना कमांडर ने दावा किया कि बखमुत के कुछ हिस्सों में रूसी यूनिट्स दो किलोमीटर तक पीछे हट गई है।

Recommended Video

19 मई 2023- यूक्रेन ने कहा, कि उसने बखमुत के आसपास की जमीन पर फिर से कब्जा करने की कोशिश कर रहे रूसी बलों के हमलों को नाकाम कर दिया है। प्रिगोझिन ने कहा, "भारी, खूनी लड़ाई" जारी है और उसके आदमी बखमुत पर पूरी तरह से कब्जा करने के करीब हैं।
20 मई 2023- प्रिगोझिन ने कहा, कि वैगनर फोर्स ने बखमुत पर कब्जा पूरा कर लिया है। वहीं, यूक्रेन ने कहा, कि वहां स्थिति गंभीर है, उसके सैनिक अभी भी शहर के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से की रक्षा कर रहे हैं।
21 मई 2023- यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने बखमुत शहर की हार कबूल की और कहा, कि रूसियों ने पूरे बखमुत शहर को नष्ट कर दिया है और आज के लिए, बखमुत हमारे दिलों में है।












Click it and Unblock the Notifications