9 मई को विजय दिवस मनाएगा रूस, इस बात को लेकर यूरोप में बढ़ी टेंशन
क्रेमलिन की ओर से एक बयान जारी किया गया है जिसके अनुसार रूसी सेना मोरियुपोल में 9 मई को विजय दिवस मनाएगी।
मास्को, 9 मईः रूस-यूक्रेन के बीच जब जंग शुरू हुई थी तब किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह इतने समय तक खिंचता चला जाएगा। लगभग ढाई महीने से चल रहा यह युद्ध खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। न तो कमजोर समझे जाने वाले यूक्रेन ने अभी तक हार मानी है न ही बेहद मजबूत और विशालकाय रूस पीछे हटा है। लेकिन इस बीच क्रेमलिन की ओर से एक बयान जारी किया गया है जिसके अनुसार रूसी सेना मोरियुपोल में 9 मई को विजय दिवस मनाएगी।

जर्मनी को किया था पराजित
रूस हर साल 9 मई को विजय दिवस मनाता है। यह दिन जर्मनी पर रूस के विजय का प्रतीक है। दूसरे विश्व युद्ध में रूस ने इसी दिन जर्मनी को पराजित किया था। जिसके बाद से हर साल रूस इस दिन को विजय दिवस के रूप में मनाता आ रहा है। 9 मई के दिन रूसी सेना अपने नए-नए हथियारों को दिखाकर शक्ति प्रदर्शन भी कर सकती है।

रूसी सेना को संबोधित करेंगे पुतिन
ऐसी सूचना है कि इस दिन व्लादिमीर पुतिन रूसी सेना को संबोधित भी करेंगे। 9 मई को होने वाले विजय दिवस को लेकर पश्चिमी देश चिंतित हो गए हैं। उन्हें ऐसी आशंका है कि इस दिन रूस कोई बड़ा एक्शन ले सकता है। हालांकि यूरोप के इस डर को रूस ने बेबुनियाद बताया है, लेकिन रूस पर ये देश भरोसा करें, ऐसी कोई वजह नहीं दिखाई देती है।

फ्लाई पास्ट का होगा आयोजन
रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक विक्टरी डे परेड के दिन सेंट बेसिल कैथेड्रल के ऊपर एक फ्लाई-पास्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें रूसी वायु सेना के सुपरसोनिक लड़ाकू विमान, टीयू--160 रणनीतिक बमवर्षक और आईएल-80 'डूम्सडे' कमांड प्लेन उड़ान भरेगा। रूस का 'डूम्सडे' कमांड प्लेन कई तरह से हाईटेक तकनीक से लैस है, जिसे रूसी राष्ट्रपति के लिए हवा में एक कमांड पोस्ट की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।

वैश्विक अलगाव का सामना कर रहा रूस
यूक्रेन स्थित सेंटर फॉर डिफेंस स्ट्रैटजीज के मुताबिक रूस, पकड़े गए 500 लड़ाकों को रेड स्क्वायर से गुजरने के लिए मजबूर कर सकता है। इनमें से 3 ब्रिटेन के भी लड़ाके शामिल हैं, जिन्हें बीते महीने मारियुपोल के घिरे शहर में रूसी सेना ने पकड़ा था। ये वहां यूक्रेनी रक्षकों के साथ लड़ाई में शामिल थे। बता दें कि पुतिन ने 24 फरवरी को यूक्रेन में स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन का ऐलान किया था। उसके बाद से ही रूस वैश्विक अलगाव का सामना कर रहा है। इसका सीधा असर रूस की अर्थव्यवस्था पर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications