रूस-यूक्रेन विवाद, UNSC में आपात बैठक, भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की
न्यूयॉर्क, 22 फरवरी। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे तनाव के बीच जिस तरह से रूस ने डॉनेस्क और लुहांस को स्वतंत्र देश की मान्यता दी है उसके बाद यूएन सिक्योरिटी काउंसिल में इस मुद्दे को लेकर आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में भारत की ओर से यूएनएससी में स्थायी प्रतिनिधि टीएस त्रिमूर्ति ने भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच बॉर्डर पर चल रहा तनाव गहरी चिंता का विषय है। ये तनाव इस क्षेत्र की शांति को भंग कर सकते हैं। हम दोनों ही पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हैं।

टीएस त्रिमूर्ति ने कहा कि हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि सिर्फ कूटनीतिक चर्चा के जरिए ही इस मसले का हल निकाला जा सकता है। हमे हाल में हुए इस क्षेत्र में बदलाव पर चर्चा के लिए समय देने की जरूरत, जिससे की तनाव कम हो सके। आम लोगों की सुरक्षा सबसे अहम है। यहां 20 हजार से अधिक भारतीय छात्र और नागरिक रहते हैं, ये लोग यूक्रेन के अलग-अलग हिस्सों में हैं, जिसमे बॉर्डर के इलाके भी शामिल हैं। हमारे लिए भारतीयों की सुरक्षा शीर्ष प्राथमिकता है। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि हम सभी पक्षों के लिए अत्यंत संयम बरतने और राजनयिक प्रयासों को तेज करके अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर देते हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जल्द से जल्द एक पारस्परिक रूप से सौहार्दपूर्ण समाधान हो सके।












Click it and Unblock the Notifications