पुतिन की हत्या करना चाहता है यूक्रेन, रूस ने योजना में शामिल 2 ड्रोनों को मार गिराने का किया दावा
क्रेमलिन के बयान के मुताबिक यूक्रेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या की नाकाम कोशिश की है। क्रेमलिन का दावा है कि यूक्रेन ने ड्रोन का प्रयोग कर पुतिन की हत्या करने की कोशिश की।

रूस ने यूक्रेन पर राष्ट्रपति पुतिन की हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। क्रेमलिन ने बुधवार को कहा कि उसने यूक्रेन द्वारा क्रेमिलन की ओर लांच किए गए 2 ड्रोनों को मार गिराया है। रूस ने इसे आतंकी हमला करार दिया है।
क्रेमलिन का आरोप है कि इन ड्रोनों में विस्फोट करके यूक्रेन, राष्ट्रपति पुतिन की हत्या करना चाहता था। क्रेमलिन ने अपने एक बयान में कहा, "दो मानवरहित ड्रोनों को क्रेमलिन की ओर टार्गेट किया गया था। हालांकि इसे नष्ट कर दिया गया।" इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
क्रेमलिन ने यूक्रेन के इस कथित ऑपरेशन को "एक सुनियोजित आतंकवादी कार्रवाई" बताया। कुछ रिपोर्ट के मुताबिक मॉस्को के निवासियों ने भी स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे के बाद क्रेमलिन की दीवारों के पीछे विस्फोटों की आवाज सुनी थी। इसके बाद क्रेमलिन के ऊपर आसमान में धुआं उठता दिखाई दिया था।
एक स्थानीय टेलीग्राम चैनल ने स्थानीय निवासियों के द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो फुटेज को भी साझा किया है। हालांकि, इस हमले के पीछे यूक्रेन का हाथ है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं की हो सकी है। इस घटना के बाद क्रेमलिन ने जवाबी कार्रवाई की धमकी भी दी है।
रूसी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, क्रेमलिन ने धमकी दी है कि रूस जहां और जब उचित समझे, जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति पुतिन के काम करने का कार्यक्रम नहीं बदला है। यह हमेशा की तरह जारी रहेगा।
आपको बता दें कि बीते सप्ताह यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से एक घंटे से भी अधिक लंबी बातचीत की थी। इससे पहले ब्रिटिश अखबार द सन ने खुलासा किया था कि यूक्रेन, रूसी राष्ट्रपति पुतिन की हत्या के प्रयास में जुटा हुआ है। अखबार ने दावा किया कि यूक्रेन ने विस्फोटकों से भरे ड्रोन के इस्तेमाल से पुतिन की हत्या करने की कोशिश की।












Click it and Unblock the Notifications