भारत के करीबी दोस्त रूस की सेना पहुंची पाकिस्तान, 14 दिन तक करेगी सैन्य अभ्यास
नई दिल्ली: रूस भारत के सबसे करीबी दोस्तों में से एक माना जाता है, लेकिन इन दिनों रूस और पाकिस्तान के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं। जिसके चलते रूसी सेना का एक दस्ता पाकिस्तान पहुंच चुका है, जो वहां पर पाकिस्तानी सेना के साथ सैन्य अभ्यास करेगा। इस सैन्य अभ्यास को Druzhba (Friendship) 5 नाम दिया गया है। पाकिस्तान की चीन से नकदीकियां पहले ही भारत की चिंता बढ़ा चुकी हैं।

इन चीजों का होगा अभ्यास
पाकिस्तानी सेना (DG ISPR) के मुताबिक रूसी सेना का विशेष दल दो हफ्ते के सैन्य अभ्यास के लिए पाकिस्तान पहुंच चुका है। इस दौरान दोनों देश आतंकवाद निरोधक समेत तमाम तरह के ऑपरेशन्स का अभ्यास करेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के जवान बंधकों को छुड़ाने और स्काई डाइविंग की स्किल्स को भी परखेंगे। मौजूदा वक्त में कोरोना महामारी दोनों देशों में फैली है, ऐसे में पाकिस्तान पहुंचे रूसी सैनिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

क्या कहा रूस ने?
वहीं इस सैन्य अभ्यास पर रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना है। दो हफ्ते की ये ड्रिल 8 नवंबर से तारबेला में शुरू होगी, जिस वजह से 70 रूसी जवान पाकिस्तान पहुंच चुके हैं। पाकिस्तान की ओर से भी 70 जवान इस ड्रिल में हिस्सा लेंगे, जो 21 नवंबर तक चलेगा। मंत्रालय के मुताबिक अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैन्यकर्मी अपने अनुभव का आदान-प्रदान करेंगे। साथ ही अपने कॉम्बैक्ट ट्रेनिंग स्किल को और ज्यादा मजबूत बनाएंगे। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का भी पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
भारत दर्ज करवा चुका है आपत्ति
मौजूदा वक्त में भारत का चीन के साथ विवाद चल रहा है। पाकिस्तान के साथ भारत की दुश्मनी तो आजादी के वक्त से ही है। रूस जो सैन्य अभ्यास पाकिस्तान के साथ कर रहा है, इसकी शुरूआत 2016 में हुई थी। तब से भारत ने कई बार रूस के सामने आपत्ति दर्ज करवाई, लेकिन रूस ने उस पर गौर नहीं किया। भारत का कहना है कि पाकिस्तान लंबे वक्त से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, ऐसे में रूस का उसके साथ सैन्य अभ्यास सही नहीं है। रूस और पाकिस्तान की दोस्ती ज्यादा पुरानी नहीं है, क्योंकि जब शीत युद्ध हुआ था तो पाकिस्तान ने रूस की बजाए उसके दुश्मन अमेरिका का साथ दिया था।












Click it and Unblock the Notifications