Rajnath Singh: 'गलवान जैसी झड़प से बचना चाहिए', चीनी रक्षामंत्री से राजनाथ सिंह की मुलाकात, क्या बातें हुई?
Rajnath Singh Meets Chinese Defence Minister: भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लाओ पीडीआर के वियनतियाने में अपने चीनी समकक्ष एडमिरल डोंग जून के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है, जहां उन्होंने कहा, कि दोनों देशों को गलवान घाटी जैसी झड़प से बचना चाहिए।
11वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की 'मीटिंग-प्लस' के मौके पर हुई बैठक में भारतीय नेता ने कहा, कि दोनों देशों को 2020 की "दुर्भाग्यपूर्ण सीमा झड़पों" से सबक लेना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा, "ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उपाय करें और भारत-चीन सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखें।"

दोनों रक्षामंत्रियों की मुलाकात उस वक्त हुई है, जब भारत और चीन के बीच का तनाव कम हुआ है और पिछले दिनों कजान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई थी। भारत और चीन, एलएससी पर विवादित प्वाइंट्स पर सेनाओं को हटाने के लिए राजी होने के बाद जवानों को हटा चुके हैं और सामान्य पेट्रोलिंग शुरू हो चुकी है।
भारतीय रक्षा मंत्री ने क्या कहा?
भारतीय रक्षा मंत्री ने इस तथ्य को रेखांकित किया, कि दुनिया के दो सबसे बड़े देशों, भारत और चीन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों का वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह देखते हुए कि दोनों देश पड़ोसी हैं और बने रहेंगे, उन्होंने कहा, कि "हमें संघर्ष के बजाय सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है"।
उन्होंने तनाव कम करके दोनों पक्षों के बीच अधिक विश्वास और आत्मविश्वास निर्माण पर जोर दिया और आशा व्यक्त की। दोनों पक्ष आपसी विश्वास और समझ के पुनर्निर्माण के लिए एक रोडमैप की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमत हुए।
प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता
लगभग पांच वर्षों में अपनी पहली स्ट्रक्चर्ड बैठक में, प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग ने सीमा प्रश्न पर रुके हुए विशेष प्रतिनिधियों के संवाद तंत्र को जल्द से जल्द पुनर्जीवित करने का निर्देश दिया, यह मानते हुए कि यह सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने, रणनीतिक संचार को बढ़ाने और विकासात्मक चुनौतियों का समाधान करने के लिए सहयोग की तलाश करने की आवश्यकता को पर भी बात की। वार्ता के बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया था, कि "भारत-चीन संबंध हमारे देशों के लोगों और क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हैं। आपसी विश्वास, आपसी सम्मान और आपसी संवेदनशीलता द्विपक्षीय संबंधों का मार्गदर्शन करेंगे।"
इस कूटनीतिक डेवलपमेंट को नई दिल्ली की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications