राहुल गांधी ने क्यों कहा बजाज, हीरो, TVS पर हो रहा है गर्व? PULSAR के साथ फोटो किया शेयर
Rahul Gandhi Colombia Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी चार दिवसीय कोलंबिया यात्रा के दौरान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने कोलंबिया स्थित ईआईए विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद करते हुए भारतीय लोकतंत्र पर 'बड़े पैमाने पर हमला' होने का आरोप लगाया।
इसके बाद, राहुल गांधी ने एक बजाज पल्सर बाइक के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए एक्स (ट्विटर) पर लिखा, 'बजाज, हीरो और टीवीएस को कोलंबिया में इतना अच्छा प्रदर्शन करते देखकर गर्व हो रहा है।'

राहुल गांधी ने इशारों-इशारों में किसे घेरा?
राहुल गांधी ने अपनी कोलंबिया यात्रा के दौरान एक बजाज पल्सर बाइक के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "बजाज, हीरो और टीवीएस को कोलंबिया में इतना अच्छा प्रदर्शन करते देखकर गर्व हो रहा है। यह दर्शाता है कि भारतीय कंपनियां क्रोनीज्म से नहीं, बल्कि इनोवेशन से जीत सकती हैं।" उनके इस 'क्रोनीज्म' शब्द का इस्तेमाल केंद्र सरकार पर बड़े उद्योगपतियों को कथित तौर पर फायदा पहुंचाने के आरोप के रूप में देखा जा रहा है।
भारतीय लोकतंत्र पर 'बड़े पैमाने पर हमला'
ईआईए विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान, राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, 'सबसे बड़ा खतरा भारत में हो रहा लोकतंत्र पर हमला है क्योंकि भारत में कई धर्म, कई परंपराएं और कई भाषाएं हैं। भारत वास्तव में अपने सभी लोगों के बीच संवाद का एक केंद्र है।' उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था भारत जैसे विविधतापूर्ण देश के लिए सबसे अच्छी है और वर्तमान में इस व्यवस्था पर 'बड़े पैमाने पर हमला' हो रहा है। उन्होंने भारत की तुलना चीन की व्यवस्था से करते हुए कहा कि भारत चीन की तरह लोगों को दबा नहीं सकता और न ही सत्तावादी व्यवस्था चला सकता है।
ये भी पढ़ें: Fact Check-Rahul Gandhi Kids: क्या राहुल गांधी हैं शादीशुदा? लंदन में रहते हैं उनके बच्चे? वायरल दावों का सच!
बीजेपी का तीखा पलटवार
राहुल गांधी के बयानों के बाद भारतीय जनता पार्टी तुरंत हमलावर हो गई। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल पर विदेशी धरती पर भारतीय लोकतंत्र पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, वह विपक्ष के नेता के बजाय प्रोपेगैंडा के नेता की तरह व्यवहार कर रहे हैं। बीजेपी के एक अन्य नेता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी और 'गांधी-वाड्रा परिवार' पर भारत को 'गरीब' बनाए रखने का आरोप लगाया। भंडारी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक वैश्विक नेता और चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है, तो राहुल गांधी ईर्ष्या और घृणा से भारत की प्रगति और उसके लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। यह विवाद एक बार फिर विदेशी मंचों पर भारत की आंतरिक राजनीति पर बहस को तेज कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Gandhi Jayanti: महात्मा गांधी और शास्त्री जयंती पर वाराणसी में नई स्वच्छता पहल, पार्षदों को मिला सम्मान












Click it and Unblock the Notifications