अमेरिका पहुंचें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, नमो-नमो की गूंज
नयी दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार की रात को न्यूयॉर्क पहुंच गए हैं। अमेरिका पहुंचने के बाद न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर मोदीका भव्य स्वागत किया गया। आपको बता दें कि मोदी पांच दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद कड़ी सुरक्षा के साथ पीएम मोदी का काफिला एयरपोर्ट से रवाना हुआ।

पीएम मोदी की अगवानी के लिए भारतीय उच्चायोग के अधिकारी मौजूद थे। एयरपोर्ट से मोदी न्यूयॉर्क होटल पैलेस के लिए रवाना हो गए। होटल पहुंचते ही मोदी को समर्थकों ने घेर लिया और जोरदार नमो-नमो के नारे लगाने लगे। होटल के बाहर भारी तादाद में मोदी समर्थक मौजूद थे। मोदी ने भी उन्हें निराश नहीं किया और हाथ हिलाकर अभिवादन किया। शनिवार को मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद मोदी मैनहेट्टन स्थित मैडिसन गार्डन में भारतवंशी समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। अमेरिका में मोदी का कार्यक्रम बहुत व्यस्त है। मोदी सोमवार को राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। गौरतलब है कि यह ओबामा के साथ उनकी पहली मुलाकात होगी। इसके बाद मोदी अमेरिकी कंपनी प्रमुखों से मिलेंगे। इतने कम वक्त में मोदी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मोदी 29 सितंबर को अमेरिका के 11 प्रमुख संस्थानों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ नाश्ते की मेज पर मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications