Yoga Day World Record: UN मुख्यालय में पीएम मोदी के योग दिवस कार्यक्रम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 के अवसर पर पीएम मोदी के नेतृत्व में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस कार्यक्रम का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है। अमेरिका ही नहीं दुनिया के कई अन्य देशों में भी लोगों ने योग करने के लिए बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
पीएम मोदी के योग दिवस कार्यक्रम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
दरअसल, UN हेडक्वार्टर में पीएम मोदी के कार्यक्रम में 135 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारी माइकल एम्परिक ने बताया कि ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले कभी एक साथ इतने देशों के लोगों ने योग नहीं किया था।

योग का मतलब युनाइट करना: पीएम मोदी
अमेरिका के तीन दिन के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी बुधवार को UN हेडक्वार्टर में योग दिवस के कार्यक्रम का नेतृत्व करने पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने योग का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि योग का मतलब है- युनाइट करना यानी साथ लाना। मुझे याद है मैंने यहां 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था।
योग भारत का मगर इसपर कोई कॉपीराइट नहीं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि योग दिवस का प्रस्ताव भारत ने जरूर रखा था लेकिन इसपर कोई कॉपीराइट नहीं है। इसका मतलब सभी इसका इस्तेमाल बेहतर जीवन के लिए कर सकते हैं. योग दिवस के कार्यक्रम में न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम, शेफ विकास खन्ना, संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी, हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गैरी शामिल हुए।
योग को किसी भी उम्र के लोग कर सकते हैं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि योग को किसी भी उम्र के लोग कर सकते हैं। योग को घर पर, काम के दौरान या कहीं भी किया जा सकता है। योग को अकेले या ग्रुप में किसी भी तरह से किया जा सकता है। योग जीवन जीने का तरीका है।
पीएम मोदी ने लोगों का धन्यवाद किया
सफेद रंग की योगा टी-शर्ट और ट्राउजर पहने पीएम मोदी ने समारोह में शामिल होने के लिए लोगों का शुक्रिया अदा किया। मुझे आप सभी को देखकर खुशी हुई। और मैं आप सभी को आने के लिए धन्यवाद देता हूं। मुझे बताया गया है कि आज यहां लगभग हर देश के लोग मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications