क्या दक्षिण अफ्रीका में मिलेंगे PM मोदी और शी जिनपिंग, ब्रिक्स सम्मेलन पर अटकी पूरी दुनिया की नजरें
प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार की शाम करीब सवा पांच बजे पहुंच गए हैं। पीएम मोदी यहां राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर आए हैं और वो 22 से 24 अगस्त तक रहेंगे।
2019 के बाद ये पहला ब्रिक्स सम्मेलन होगा, जिसमें सदस्य देशों के प्रमुख आमने-सामने की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। कोरोना की वजह से पिछले तीन वर्षों के ब्रिक्स की बैठकें वर्चुअली आयोजित हो रही थीं।

ब्रिक्स देशों की बैठक के दौरान पीएम मोदी इसके सदस्य देशों के प्रमुखों से द्विपक्षीय बातचीत कर सकते हैं। पीएम मोदी ब्राजीली राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा और मेजबान देश दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
इस बीच ऐसे संकेत भी मिल रहे हैं कि पीएम मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात कर सकते हैं। चीन की तरफ से ऐसे संकेत भी मिला है।
दक्षिण अफ्रीका में चीन के राजदूत चेन जियाओदोंग ने प्रिटोरिया में पत्रकारों के साथ बातचीत में उम्मीद जताई थी कि दोनों देशों के नेताओं के बीच सीधी मुलाकात और बात होगी।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक नई दिल्ली में स्थित चीनी दूतावास से जुड़े सूत्रों ने ऐसी किसी संभावित बातचीत के बारे में जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया।
पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बैठक की संभावना के बारे में पूछे जाने पर, विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने सोमवार को कहा कि पीएम मोदी का कार्यक्रम 'अभी तैयार किया जा रहा है'।
अगर पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय मुलाकात होती है, तो मई 2020 में भारत-चीन सीमा गतिरोध शुरू होने के बाद यह उनकी पहली मुलाकात होगी।
हालांकि दोनों नेताओं के बीच पिछले साल नवंबर में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो द्वारा आयोजित जी20 रात्रिभोज के दौरान संक्षिप्त आमना-सामना हुआ था।
अगर राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम मोदी की ब्रिक्स सम्मेलन से इतर आमने-सामने की बातचीत होती है तो सत्ता में आने के बाद दोनों के बीच ऐसी 20वीं मुलाकात होगी।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक 2014 से लेकर 2019 तक पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच 18 बार मुलाकात हो चुकी है। साल 2020 में दोनों देशों के सैनिकों के बीच LAC के नजदीक गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिनपिंग और भारतीय पीएम मोदी के बीच कोई मुलाक़ात नहीं हुई है।
बीते साल इंडोनेशिया की राजधानी बाली में डिनर के दौरान दोनों नेताओं की 19वीं मुलाकात हुई थी। हालांकि इसके बारे में भारत की ओर से सात महीने बाद जानकारी दी गई। इस मुलाकात को लेकर कहा कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को स्थिरता देने की बात हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications