भारत के इस पड़ोसी देश में पेट्रोल 50 रुपए और डीजल 75 रुपए लीटर महंगा, युद्ध की वजह से बढ़े दाम
कोलंबो, मार्च 11। भारत के पड़ोसी मुल्क श्रीलंका में पेट्रोल और डीजल के दामों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को श्रीलंका में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की सहयोगी कंपनी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी तक की सबसे अधिक बढ़ोतरी की। जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने पेट्रोल की खुदरा कीमत में 50 रुपए तो वहीं डीजल में 75 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं, जिसके बाद श्रीलंका में पेट्रोल की कीमत 254 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 214 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।

क्यों बढ़ाए गए दाम?
आपको बता दें कि श्रीलंका में पेट्रोल और डीजल के दामों में ये इस महीने के अंदर तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है। लंका इंडियन ऑयल कंपनी की ओर से बताया गया है कि यह फैसला श्रीलंकाई मुद्रा की कीमत में आई गिरावट की वजह से लिया गया है, जो दाम बढ़ाए गए हैं वो आज रात से लागू हो जाएंगे।

युद्ध का भी पड़ा है असर
कंपनी के एक बड़े अधिकारी की ओर से बयान जारी कर कहा गया है, "सात दिन के भीतर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले श्रीलंकाई रुपये में 57 रुपये की गिरावट आई है। तेल और गैसोलिन उत्पादों की कीमतों पर इसका सीधा असर पड़ा है। हालांकि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देश रूस पर जो प्रतिबंध लगा रहे हैं इसके कारण भी तेल और गैस के दाम बढ़ रहे हैं।"

युद्ध के कारण कच्चा तेल हुआ है महंगा
आपको बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में भारी इजाफा हुआ है। कच्चे तेल की कीमतें 139 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। हालांकि इन बढ़ी हुई कीमतों का असर अभी भारत में नहीं पड़ा है। भारत में पिछले कई महीनों से पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर हैं, लेकिन अब संभवाना बहुत अधिक बढ़ गई हैं कि आने वाले दिनों में भारत में भी पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications