पूड़ी-सब्जी खाने पर भी आफत! अबतक की रिकॉर्ड महंगाई पर क्या बोल रहे हैं पाकिस्तानी ? देखिए Video
इस्लामाबाद, 21 अगस्त: पाकिस्तान में महंगाई की स्थिति अब ऐसी हो चुकी है कि अब लोगों को खाने-पीने की चीजें नहीं मिल पा रही हैं। लोगों को अपने मनपसंद खानों से समझौता करना पड़ रहा है। लोगों ने ढाबों में कीमतों के चलते पूड़ियां खानी बंद कर दी हैं। दो दिन पहले ही पाकिस्तान में एक आंकड़ा जारी हुआ था, जिसमें साप्ताहिक महंगाई अबतक के रिकॉर्ड स्तर पहुंच गई है। खाने-पीने की चीजों के अलावा बाकी चीजें भी महंगी हो गई हैं। इसके चलते लोगों की सरकार से नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पाकिस्तान में रिकॉर्ड स्तर पर साप्ताहिक महंगाई
डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिक्स ने शुक्रवार को बताया कि वहां की साप्ताहिक महंगाई अबतक के रिकॉर्ड 42.3% पर पहुंच गई है। महंगाई में इतनी ज्यादा बढ़ोतरी खाने-पीने की चीजों की वजह से बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक टमाटर की कीमतों में 20.28%, चिकेन में 7.57%, प्याज में 2.30%, पाउडर वाला दूध में 2.03%, अंडों में 1.63%, मूंग दाल में 1.42% और आलू में 1.07% का इजाफा हो गया है। ऐसी स्थिति में महंगाई पर काबू नहीं पाने के लिए पाकिस्तानियों का गुस्सा सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी मुस्लिम लीग नवाज की नेता मरियम नवाज पर भी उतर रहा है।

पूड़ी-सब्जी या पूड़ी-हलवा हुआ आम आदमी से दूर
भारत ही नहीं पाकिस्तान में भी पूड़ी-सब्जी या पूड़ी-हलवा बहुत ही आसान सा खाना है। एक बड़ी आबादी सड़क किनारे लगे स्टॉल पर इस तरह का खाना खाकर अपना काम चला लेते हैं। थोड़े अच्छे ढाबों में भी लोग इसे अपनी आसानी से उपलब्धता के लिए खाते हैं। यह स्वादिष्ट भी होता है और लोग अपनी जरूरत के हिसाब से पूरे दिन में कभी भी खा लेते हैं। बेचने वालों के लिए भी यह आसान से गर्मा-गरम परोसना सुविधाजनक रहता है। लेकिन, अब इसे खाने पर भी पाकिस्तानियों के सामने आफत खड़ी हो रही है।

ढाबा कारोबारियों को भी नुकसान
आवश्यक चीजों और कच्चे मालों की कीमतें बढ़ने का सीधा असर पूड़ी के कारोबार पर पड़ा है। इसके चलते लोगों को इस लोकप्रिय स्ट्रीट फूड को छोड़ना पड़ रहा है, क्योंकि साधारण से इस नाश्ते के लिए कीमतों में इतनी ज्यादा बढ़ोतरी हो चुकी है कि सामान्य लोगों के लिए यह पहुंच से बाहर हो रहा है। पाकिस्तान में पूड़ी सब्जी बेचने वाले ढाबों के लोग भी पैदा हुए हालातों से काफी परेशान हो रहे हैं।

कस्टमरों की संख्या घट गई है-ढाबा मैनेजर
पाकिस्तान में सड़क किनारे मौजूद एक ढाबा के मैनेजर मोहम्मद जावेद अब्बासी ने अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा है, 'मुद्रास्फीति ने निश्चित रूप से हमारे कारोबार में एक अंतर पैदा किया है। इसने सभी के लिए एक मुश्किल खड़ी की है। कस्टमरों की संख्या घट गई है, हलवा-पूड़ी खाने वाले लोगों की संख्या भी बहुत कम रह गई है।' पाकिस्तान के लोगों की इस स्थिति को बयां करते हुए एजेंसी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसे देखकर काफी हैरानी हो गई है।
बहुत बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है पाकिस्तान
रिपोर्ट के मुताबिक पूड़ी की कीमतें बढ़ने के कई कारण हैं। गेहूं के आटे के दाम आसमान छूने लगे हैं, तेल भी महंगा और बिजली की भी कीमत बढ़ गई है। पाकिस्तान स्टैटिक्स ब्यूरो ने एक और अलग आंकड़े में कहा है कि वार्षिक उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति जुलाई महीने में 24.9% तक पहुंच गई थी। यह दर पिछले 14 साल में सबसे ज्यादा बताया जा रहा है। उधर, पाकिस्तान में गैर-खाद्य पदार्थों जैसे कि बिजली की कीमतों में भी 6.83% की बढ़ोतरी हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक हमारा पड़ोसी बहुत ही बड़े आर्थिक संकट की दौर से गुजर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications