Pakistan: छत गिरने से महिला और उसके 8 बच्चों की मौत, शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग
पाकिस्तान के एबटाबाद में शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी आग के कारण एक मिट्टी के घर की छत गिर गई। इस हादसे में एक महिला और उसके 8 बच्चों की मौत हो गई। बचाव अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एबटाबाद जिले के ताहारी गांव में हुई।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में महिला और उसकी चार बेटियां और 4 बेटों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने ढही हुई इमारत के मलबे से नौ शव बरामद किए।

स्थानीय लोगों ने शुरुआत में मलबे से सात शव बरामद किए जबकि परिवार के दो अन्य सदस्यों के लिए बचाव अभियान जारी था। बाद में परिवार के सभी नौ सदस्यों के शव मलबे से बरामद किए गए। हालांकि हादसे में शिकार महिला और बच्चों की उम्र का पता अभी नहीं चल पाया है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। बचाव अधिकारी, तीन एम्बुलेंस और स्थानीय निवासियों की सहायता से, आग बुझाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अरशद हुसैन ने घटना पर दुख व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि इस साल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर के एक मकान में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई थी। इस घटना में परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई, जिसमें सात बच्चे शामिल थे। इस घटना में परिवार का केवल एक सदस्य इमारत से कूदकर घातक आग से बचने में कामयाब रहा।












Click it and Unblock the Notifications