आधी रात शहबाज ने फोड़ा महंगाई बम, पाकिस्तान में हर एक सामान के बढ़ाए गये दाम, जनता हलकान
पाकिस्तान करीब करीब डिफॉल्ट कर गया है और अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी फिच ने अपनी ताजा रेटिंग में पाकिस्तान को डाउनग्रेड करते हुए वो रेटिंग दिया है, जो डिफॉल्ट हो चुके देशों की रेटिंग होती है।

Recommended Video
Pakistan News: पाकिस्तान भीषण आर्थिक संकट में फंसा हुआ है और देश की शहबाज शरीफ की सरकार लगातार अपने देश की जनता का खून चूसने पर आमादा है। पाकिस्तान की जनता जब आधी रात को सो रही थी, उस वक्त प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नागरिकों का खून निकालने के लिए नये टैक्स का ऐलान कर दिया। पाकिस्तान की जनता जब बुधवार को सोकर उठी, तो देश में हर एक सामान की कीमत में इजाफा हो चुका था। शहबाज शरीफ की सरकार ने देश में जनरल सेल्स टैक्स (GST) को बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

पाकिस्तान में महंगाई हो रही बेकाबू
शहबाज रकार ने मंगलवार को जनरल सेल्स टैक्स (जीएसटी) की दर को बढ़ाकर 18% कर दिया और सिगरेट पर तत्काल प्रभाव से टैक्स बढ़ा दिया गया। शहबाज शरीफ की सरकार जीएसटी में इजाफा कर 115 अरब रुपये देश की जनता से वसूलेगी। इसके अलावा भी सरकार ने मिनी बजट में देश की जनता से 170 अरब रुपये वसूलने का अलग से प्रावधान कर रखा है। शहबाज सरकार ने जीएसटी में उस वक्त इजाफा किया है, जब देश के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने सरकार के मिनी बजट के प्रस्ताव पर दस्तखत करने से इनकार कर दिया। आरिफ अल्वी ने फाइल वापस करते हुए सरकार को संसद के जरिए बिल को पास करवाने के लिए कहा है। राष्ट्रपति के इनकार ने पाकिस्तान सरकार की परेशानी काफी बढ़ा दी है, क्योंकि आईएमएफ से लोन हासिल करने के लिए मिनी बजट का पास होना अत्यंत जरूरी है और उसके बाद भी आईएमएफ पाकिस्तान को 6.5 अरब डॉलर के कर्ज से 1.1 अरब डॉलर की पहली किश्त देने पर विचार करेगा।

जीएसटी में भारी बढ़ोतरी का मतलब
शहबाज शरीफ की सरकार ने अपने प्रशासनिक अधिकार का इस्तेमाल करते हुए जीएसटी दर में 1% से 18% की वृद्धि की है और सिगरेट पर संघीय उत्पाद शुल्क (FED) की दरों में भी वृद्धि की, जो आधी रात से लागू हो चुका है। इस टैक्स के जरिए 115 अरब पाकिस्तानी रुपये वसूले जाएंगे। यह पहली बार है, जब सरकार ने सिगरेट पर टैक्स में भारी वृद्धि करके तम्बाकू क्षेत्र में वास्तविक सेंध लगाई है। फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (एफबीआर) ने सिगरेट की कीमत में कम से कम 6.5 रुपये प्रति सिगरेट की कीमत बढ़ा दी है, वहीं कम महंगे ब्रांडों के लिए, प्रति स्टिक 2.55 रुपये से 5.05 रुपये की वृद्धि की गई है और ये वृद्धि करीब 98 प्रतिशत है। वित्त मंत्री ने कहा कि संघीय कैबिनेट के पास जीएसटी दर बढ़ाने का अधिकार है, जबकि एफबीआर अपने दम पर सिगरेट पर फेड दर भी बढ़ा सकता है। वित्त मंत्री ने कहा, कि 115 अरब रुपये में से कम से कम 55 अरब रुपये सिर्फ साढ़े चार महीने में जीएसटी में 1 फीसदी की बढ़ोतरी से जुटाए जाएंगे। सिगरेट पर फेड में बढ़ोतरी के जरिए सबसे ज्यादा 60 अरब रुपये जुटाए जाएंगे।

स्थिति हो रही ऑउट ऑफ कंट्रोल
आपको बता दें, कि इमरान खान के शासनकाल के दौरान आईएमएफ और पाकिस्तान सरकार के बीच 6.6 अरब डॉलर के बेलऑउट पैकेज को लेकर समझौता हुआ था, लेकिन इमरान खान ने बाद में जाकर समझौते को तोड़ दिया, जिसके बाद आईएमएफ ने पाकिस्तान को किश्त की नई रकम जारी करने पर रोक लगा दी। वहीं, पाकिस्तान और आईएमएफ के बीच नवीनतम दौर की वार्ता शुक्रवार को समाप्त हुई, जिसमें आईएमएफ ने नए टैक्स लगाने का आदेश पाकिस्तान सरकार को दिया है। वहीं, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने तो यहां तक कह दिया है, कि अब आईएमएफ को पाकिस्तान के ऊपर भरोसा नहीं रहा है, इसीलिए आईएमएफ ने कहा है, कि पहले पाकिस्तान को उसके फैसलों को लागू करना होगा और उसके बाद आईएमएफ तय करेगा, कि पाकिस्तान को पैसे दिया जाएगा या नहीं।

पेट्रोल की कीमत में भी होगी बढ़ोतरी
वहीं, द न्यूज ने बताया है, कि अगले दो हफ्तों में समीक्षा के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 20 रुपये और बढ़ाई जा सकती है। पाकिस्तान के तेल उद्योग ने बताया है, कि पेट्रोल की कीमत में यह हालिया बढ़ोतरी पेट्रोल की अंतरराष्ट्रीय कीमत को लेकर निर्धारित की गई है। आपको बता दें, पाकिस्तान सरकार ने ईंधन कीमतों की पिछले पखवाड़े की समीक्षा के बाद 35 रुपये प्रति लीटर की भारी वृद्धि की थी। सूत्रों ने कहा कि पेट्रोल की कीमत में और इजाफा हो सकता है और सरकार के पास पेट्रोल की कीमत में इजाफा करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। पाकिस्तान में फिलहाल पेट्रोल की कीमत 249 रुपये प्रति लीटर है और 20 रुपये दाम में बढ़ोतरी के बाद नई कीमत 269 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी, और इस कीमत पर पेट्रोल खरीदना, अमीर से अमीर आदमी के लिए भी मुश्किल होगा। लिहाजा, पाकिस्तान में महंगाई लोगों के पेट में मरोड़ करने के लिए काफी है।












Click it and Unblock the Notifications