पाकिस्तान: पहली बार कैमरे पर आईं भागकर शादी करने वाली दुआ जेहरा, अम्मी-पापा से खास अपील
नई दिल्ली, 15 जून: पाकिस्तान के कराची की रहने वाली लड़की दुआ जेहरा ने कैमरा के सामने आकर बातचीत की है। जेहरा अप्रैल के महीने से पाकिस्तान की मीडिया में लगातार सुर्खियों में हैं, जब पहले उनके गायब होने और फिर शादी करने की बात सामने आई थी। जेहरा को लेकर परिवार और पुलिस की ओर से कई बातें कही गईं। अब उन्होंने एक यूट्यूब चैनल को इंटरव्यू देते हुए कहा है कि वो जहीर अहमद के साथ शादी कर चुकी हैं और उनके परिवार को बड़ा दिल दिखाते हुए उनको अपना लेना चाहिए।

क्या बोलीं हैं जेहरा
दुआ जेहरा अप्रैल में कराची में अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थीं। बाद में उन्होंने कहा कि वो 21 साल के जहीर अहमद से शादी करने के लिए अपने घर से भाग गई थीं। जेहरा के परिवार और शिया समुदाय (जेहरा शिया समुदाय से आती हैं) ने इस मामले में कई तरह के आरोप लगाए थे और ये पूरे पाकिस्तान में एक चर्चा का विषय बन गया था। अब जेहरा पहली बार अपने पति के साथ एक कैमरे पर दिखाई दी हैं।

मैं शादी कर चुकी हूं
साक्षात्कार में दुआ ने अपने अम्मी और पापा को संबोधित करते हुए कहा, मैंने और जहीर ने इस्लामी रिवाज के मुताबिक शादी की है। अगर आपको अभी भी लगता है कि मैंने गलती की है तो मुझे इसके लिए दुख है। मैं अपने अम्मी और पापा से मुझे और जहीर को बड़ा दिल दिखाते हुए कुबूल कर लेने के लिए कहना चाहती हूं। मुझे पता है कि वे दुख से गुजरे हैं और मेरे पास भी है लेकिन अब ये रुकना चाहिए।

मैं खुद गई थी लाहौर
दुआ ने बताया कि वो अकेले ही कराची से लाहौर गई थीं। दुआ ने कहा कि उसके पिता उसकी शादी अपने भतीजे से करना चाहते थे लेकिन उनको वो पसंद नहीं था। वहीं जहीर ने कहा कि वह वह मोबाइल फोन से जुड़ा कारोबार करते हैं। जहीर ने कहा कि उन्होंने हाल ही में प्री-मेडिकल से अपना एफएससी किया है और मोबाइल फोन डीलिंग का काम भी करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications