पाकिस्तान: बलूचिस्तान के सिबी में ब्लास्ट, चार सुरक्षाकर्मियों की मौत, 28 घायल
क्वेटा, 08 मार्च: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रान्त में हुए एक हमले में कम से कम चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है और वहीं 28 से ज्यादा घायल हुए हैं। पाकिस्तान के अखबार डॉन के मुताबिक, मंगलवार को बलूचिस्तान के सिबी जिले में ठंडी सड़क के पास ये बड़ा विस्फोट हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे एक फिदाईन हमला मान रही है।

जहां विस्फोट हुआ है, वहां सिबी में होने वाला सालाना मेला चल रहा था। बताया गया है कि पाक के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी भी इस मेले में पहुंचे थे। राष्ट्रपति के समारोह से जाने के करीब 30 मिनट बाद ये विस्फोट हुआ।
धमाके के बाद मौके पर पहुंचे काउंटर टेरेरिज्म डिपार्टमेंट सिबी के सीनियर अफसर हफीज रिंद ने डॉन से कहा कि उनकी ओर से इस धमाके की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक देखने से लगता है कि ये आत्मघाती विस्फोट है। हमलावर ने यहां आकर, सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाते हुए खुद को उड़ा दिया।
बलूचिस्तान स्वास्थ्य विभाग के समन्वयक डॉ वसीम बेग ने कहा कि कम से कम 28 घायलों को सिविल अस्पताल लाया गया, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। इन पांचों को क्वेटा ले जाया गया है। ज्यादातर घायल सुरक्षाकर्मी ही बताए गए हैं।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुद्दुस बिजेंजो ने विस्फोट की कड़ी निंदा की है और अधिकारियों को विस्फोट में घायल हुए लोगों को सभी इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। बिजेंजो ने कहा कि ये विस्फोट वार्षिक उत्सव और प्रांत की शांति को भंग करने का प्रयास है।












Click it and Unblock the Notifications