इमरान खान के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस हुआ दर्ज
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज के नेता और नेशनल असेंबली के सदस्य मोहसिन शानवाज रांझा ने इमरान खान के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया है। यह केस इस्लामाबाद के सेक्रेटेरिएट पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है। दरअसल रांझा पर पाकिस्तान चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर शनिवार को हमला हुआ था। पीटीआई के समर्थक इमरान खान को चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य किए जाने के फैसले का विरोध कर रहे थे, इसी दौरान रांझा पर हमला हुआ था, जिसके बाद रांझा ने इमरान खान के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया था।

रांझा ने अपनी एफआईआर में कहा है कि जब कमीशन के सामने तोशखाना केस में पेश हुआ तो मेरे ऊपर हमला किया गया। मैं जब चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर आया तो मेरे ऊपर हत्या के इरादे से हमला किया गया और यह हमला पीटीआई के नेता के इशारे पर किया गया। बता दें कि रांझा की कार पर हमला हुआ था, उनकी कार का शीशा टूट गया था। लोगों ने उनके शीशे पर हमला किया था। जिस तरह से इमरान खान को पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य करार दिया उसके बाद इमरान खान के समर्थक चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में विरोध कर रहे थे। एक तरफ जहां सत्ताधारी दल ने आयोग के फैसले का समर्थन किया है तो विपक्षी पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ ने इसका विरोध करते हुए कहा कि हमे अभी भी इस्लामाबाद हाई कोर्ट से उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications