पाकिस्तान में सिंधु नदी ने बना दी 100 किमी चौड़ी झील, सैटेलाइट इमेज से दिख रही बाढ़ की भयावहता
एक सैटेलाइट इमेज सामने आई है, जिसे देख पड़ोसी देश में आई भीषण बाढ़ की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सैटेलाइट इमेज से पता चलता है कि पाकिस्तान में बाढ़ से 100 किलोमीटर चौड़ी झील बन गई है।
इस्लामबाद, 31 अगस्तः पाकिस्तान अब तक के इतिहास के सबसे भीषण बाढ़ संकट से जूझ रहा है। देश के एक तिहाई हिस्से जलमग्न हो चुके हैं। हजार से अधिक लोगों की जानें जा चुकी हैं वहीं लाखों पशुओं की मौत हो चुकी है। इसी बीच एक सैटेलाइट इमेज सामने आई है, जिसे देख पड़ोसी देश में आई भीषण बाढ़ की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सैटेलाइट इमेज से पता चलता है कि पाकिस्तान में बाढ़ से 100 किलोमीटर चौड़ी झील बन गई है।

बाढ़ से बनी 100 किमी चौड़ी झील
NASA की MODIS सैटेलाइट सेंसर ने 28 अगस्त की एक तस्वीर जारी की है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे सिंधु नदी के उफान ने दक्षिण के अधिकतर हिस्से को जलमग्न कर दिया है। तस्वीर के बीचों-बीच गहरा नीला रंग दिखता है। यह नीला रंग ही वह 100 किलोमीटर चौड़ी झील का हिस्सा है, जो सिंधु में आई बाढ़ की वजह से बन गया है। इस इलाके में किसान फसल उपजाया करते थे जो कि अब विशाल झील में तब्दील हो गया है।

पाकिस्तान के इतिहास में सबसे अधिक गर्म वर्ष
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 1961 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से इस साल का मानसून पहले से ही देश का सबसे गर्म मौसम है, और चिंता की बात ये है कि गर्मी के मौसम को जाने में अभी भी एक महीना बाकी है। सिंध और बलूचिस्तान दोनों प्रांतों में, बारिश औसत से 500% अधिक रही है, जिससे इस इलाके में आने वाले सभी गांव और खेत प्रभावित हुए हैं। कई इमारतें ढह गई हैं और फसलें नष्ट हो गई हैं।

पाकिस्तान ने मांगी अंतरराष्ट्रीय मदद
गौरतलब है कि पाकिस्तान में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 1,162 तक पहुंच गई है। वहीं आर्थिक संकट से जूझ रही प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सरकार की अपील के बाद अंतरराष्ट्रीय सहायता पहुंचने लगी है। इस भीषण आपदा का सामना करने में मुश्किलों से जूझ रहे पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मदद मांगी है जिसके बाद कई देशों ने एकजुटता संदेशों के साथ मानवीय सहायता भेजी है।

बाढ़ से कितना नुकसान?
प्राकृतिक आपदाओं से निपटने वाले मुख्य राष्ट्रीय संगठन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, मानसून की शुरुआत से अभी तक पाकिस्तान में 1,162 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इस बाढ़ के कारण 3,554 लोग घायल हुए हैं और करीब 33 मिलियन लोग जून के मध्य तक इससे प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण 3,554 लोग घायल हुए हैं। प्राधिकरण ने कहा कि करीब 9,92,871 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे लाखों लोग भोजन और स्वच्छ पेयजल आदि से वंचित हो गए हैं। बता दें कि पाकिस्तान में फसल का बड़ा हिस्सा पानी में डूब चुका है।












Click it and Unblock the Notifications