पाकिस्तान में कोरोना वैक्सीन को लेकर जानलेवा अफवाह, लोगों ने कहा इस्लाम के खिलाफ है वैक्सीन
पाकिस्तान में लोगों ने कोरोना वायरस वैक्सीन को एंटी इस्लाम और मुसलमानों को कमजोर करने की साजिश बताकर वैक्सीन लेने से इनकार कर दिया है।
इस्लामाबाद, अप्रैल 27: पाकिस्तान में कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर जानलेवा अफवाह फैली हुई है और पाकिस्तान की एक बड़ी आबादी ने वैक्सीन लगवाने से साफ इनकार कर दिया है। वैसे तो पाकिस्तान सरकार के पास पहले से ही वैक्सीन का अभाव है लेकिन वैक्सीन की जितनी डोज सरकार के पास है भी, वो भी लोग लगनाने से इनकार कर रहे हैं। पाकिस्तान के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कुछ पढ़े लिखे लोग तो वैक्सीन लगवा रहे हैं लेकिन एक बड़ी आबादी वैक्सीन के पीछे पश्चिमी देशों की साजिश बता रहे हैं। पाकिस्तान की एक बड़ी आबादी का कहना है कि वैक्सीन के जरिए इस्लाम को कमजोर करने की साजिश रची गई है और वो इस साजिश को नाकाम करके दम लेंगे।

इमरान सरकार परेशान
भारत में कोरोना वायरस का दूसरा लहर खतरनाक कहर बरपा रहा और पाकिस्तान की भी अगले एक या दो हफ्ते में भारत जैसी ही स्थिति होने वाली है। लेकिन, लोगों की कट्टरता ने इमरान खान सरकार की परेशानी को काफी ज्यादा बढ़ा दिया है। पाकिस्तान के लोगों ने वैक्सीन लगवाने से इनकार करना शुरू कर दिया है, जिससे इमरान सरकार की मुसीबत बढ़ गई है। बलोचिस्तान कोविड 19 वैक्सीनेशन सेल के डॉ. वसीम बेग ने कहा कि 'पाकिस्तान सरकार वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है लेकिन पाकिस्तान के लोग वैक्सीन लगवाने से मना कर रहे हैं। हमने पाकिस्तान में डोर टू डोर जाकर वैक्सीन देने की प्लानिंग की, लेकिन लोग अलग अलग बहाना बनाकर वैक्सीन लगवाने से साफ मना कर देते हैं। हालांकि कुछ पढ़े लिखे लोग वैक्सीन जरूर ले रहे हैं, लेकिन उनकी संख्या काफी ज्यादा कम है।'

वैक्सीन को लेकर डर
पाकिस्तान के स्वास्थ्य अधिकारी वसीम बेग का कहना है कि 'वैक्सीन को लेकर पाकिस्तानी अवाम के अंदर काफी ज्यादा डर भर गया है। उन्हें लगता है कि वैक्सीन लगवाने के बाद उन्हें कुछ हो ना जाए। जागरूकता लाने के लिए हमने न्यूजपेपर में इश्तेहार दिया है, सीनियर डॉक्टर लगातार अलग अलग चैनलों और अखाबर पर इंटरव्यू के जरिए लोगों से अपील कर रहे हैं, खुद डॉक्टर लोगों के बीच जाकर वैक्सीन का डोज ले रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी लोग वैक्सीन लेने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'पाकिस्तान में अभी तक सिर्फ 8 लाख लोगों ने ही वैक्सीन की खुराक ली है, जो पाकिस्तान की आबादी के मुकाबले सिर्फ 0.2 प्रतिशत है'। डिप्लोमेटिक न्यूजपेपर के मुताबकि जिस रफ्तार से पाकिस्तान में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया चल रही है, उस हिसाब से साढ़ चार साल में पाकिस्तान में सिर्फ 10 प्रतिशत लोगों को ही वैक्सीन लगाया जाएगा। जबकि इजरायल जैसे देश अपनी 60 फीसदी से ज्यादा आबादी को वैक्सीन लगा चुके हैं। वहीं, ब्रिटेन में 50 प्रतिशत तो चिली में 42 प्रतिशत, भूटान में 63 प्रतिशत, मालदीव में 55 प्रतिशत और भारत में, जहां पाकिस्तान के मुकाबले 6 गुना ज्यादा आबादी है, वहां 8.1 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन लगाया जा चुका है। पाकिस्तान में ग्राउंड पर काम करने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि वैक्सीन को लोग पश्चिमी देशों की साजिश बता रहे है।

इस्लाम के लिए खतरा
पाकिस्तान के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि लोगों ने वैक्सीन को इस्लाम के खिलाफ पश्चिमी देशों की साजिश बताना शुरू कर दिया है। लोग वैक्सीन को एंटी इस्लाम बता रहे हैं। शाहिद नाम के जर्नलिस्ट ने डिप्लोमेट अखबार में लिखा है कि 'वैक्सीन को पाकिस्तान की अशिक्षित अवाम ने पश्चिमी देशों की साजिश कहना शुरू कर दिया है। लोग कह रहे हैं कि वैक्सीन लगाने से मुसलमान कमजोर हो जाएंगे और इस्लाम खतरे में आ जाएगा, लिहाजा वो पश्चिमी देशों की साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे'। वहीं, डिप्लोमेट अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, 'पाकिस्तान की मस्जिदों में भारी भीड़ जमा होती है जहां लोग मास्क नहीं लगाते हैं। अगर कुछ लोग मास्क लगाते हैं तो मस्जिद के अंदर उन्हें मास्क उतारने के लिए कहा जाता है। मस्जिद के मौलाना कहते हैं कि मास्क उतारो और इत्र की खुशबू का आनंद लो'

लापरवाह इमरान सरकार
पाकिस्तानी पत्रकार शाहिद कहते हैं कि 'आपने कभी भी सार्वजनिक तौर पर प्रधानमंत्री इमरान खान को मास्क लगाते हुए देखा है। पाकिस्तान में खुलकर रैलियां हो रही हैं, प्रदर्शन हो रहे हैं, लोगों की भीड़ जुटती है और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी चीज तो लोग भूल चुके हैं। पाकिस्तान सरकार को इन बातों से कोई मतलब नहीं है और खुद सरकारी अधिकारी भी गाइडलाइंस का पालन नहीं करते हैं।' आपको बता दें कि पाकिस्तान में भी कोरोना का ग्राफ बढ़ना फिर से शुरू हो गया है और हर दिन अब 6 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं जबकि 200 से ज्यादा लोगों की मौत होने लगी है। वहीं, इमरान खान ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तानी अवाम ने गाइडलाइंस का पालन नहीं किया तो लॉकडाउन लगाने की नौबत आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications