Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के बन्नू में आत्मघाती धमाका, 2 सैनिक सहित 5 आतंकियों की मौत
Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार को एक भीषण आत्मघाती हमले ने पूरे देश को दहला दिया है। सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में दो सैनिक शहीद हो गए, जबकि सेना की जवाबी कार्रवाई और मुठभेड़ में पांच आतंकी ढेर कर दिए गए हैं। यह हमला उस समय हुआ जब सेना एक 'इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन' (IBO) चला रही थी।
आतंकियों ने एक विस्फोटक से लदी गाड़ी को सैन्य काफिले में टकरा दिया, जिससे भारी तबाही हुई। पाकिस्तान सेना ने इस हमले के पीछे 'फितना अल ख्वारिज' यानी टीटीपी (TTP) का हाथ बताया है।

Pakistan Bannu Terror Attack: बन्नू में सेना के काफिले पर फिदायीन हमला
पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, बन्नू जिले में सुरक्षा बलों का एक काफिला गुजर रहा था, तभी एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी गाड़ी के जरिए उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, सेना के अग्रिम दस्ते ने हमलावर को रोकने का प्रयास किया ताकि शहर के निर्दोष नागरिकों को बचाया जा सके, लेकिन हमलावर ने काफिले से गाड़ी टकरा दी। इस जोरदार धमाके की चपेट में आने से दो बहादुर जवानों ने अपनी जान गंवा दी और कई अन्य घायल हो गए।
ये भी पढे़ं: Pakistan: जेल से जिंदा बाहर नहीं आएंगे इमरान खान? पुरानी है मुनीर से दुश्मनी, 2018 के एक फैसले में छुपी है वजह
मुठभेड़ में 5 'ख्वारिजी' आतंकी ढेर
आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया। इस दौरान आतंकियों और सेना के बीच भारी गोलीबारी हुई, जिसमें पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया। सेना ने बताया कि मारे गए आतंकी 'फितना अल ख्वारिज' (टीटीपी) समूह से जुड़े थे और वे इलाके में किसी बड़ी तबाही की साजिश रच रहे थे। इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
'फितना अल ख्वारिज' (TTP) की खूनी साजिश
पाकिस्तान सरकार अब अधिकारिक तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को 'फितना अल ख्वारिज' के नाम से बुलाती है। सेना का कहना है कि यह हमलावर बन्नू शहर में मासूम लोगों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को निशाना बनाकर एक बड़ी त्रासदी पैदा करना चाहता था। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा कत्लेआम तो टल गया, लेकिन आतंकियों ने काफिले को निशाना बनाकर अपने खतरनाक मंसूबों को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया है।
ये भी पढे़ं: India US डील से मची खलबली! ट्रंप के आगे क्यों गिड़गिड़ाए शहबाज शरीफ? ये हैं सरेंडर की 5 बड़ी वजहें
सरहद पर बढ़ता तनाव और आतंक का साया
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले कुछ समय से सुरक्षा बलों पर हमलों में काफी तेजी आई है। बन्नू की यह घटना दिखाती है कि आतंकी समूह अब सीधे तौर पर सेना के काफिलों और खुफिया ऑपरेशनों को चुनौती दे रहे हैं। सेना ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद के खिलाफ यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक इलाके से 'ख्वारिजी' तत्वों का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता। फिलहाल पूरे बन्नू जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications