Operation Sindoor पर चाइनीज वेबसाइट ने फेक न्यूज छापी, इंडियन एंबेसी ने लगा दी क्लास
Operation Sindoor: भारतीय सेनाओं ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों नेस्तनाबूद करके दिया। इस जवाबी कार्रवाई में तकरीबन 100 आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है। साथ ही साथ इसमें आतंकवादी मसूद अजहर के परिवार के 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। जिनके अंतिम संस्कार में खुद आतंकी सरगना अब्दुल रऊफ पाकिस्तानी पुलिस और सेना के साथ दिखाई दिया। लेकिन इन सब से अलग फेक न्यूज से निपटना अभी भी सेना के लिए चुनौती बना हुआ है। दरअसल चीन के ग्लोबल टाइम्स मीडिया फर्म ने इस पर जमकर झूठ फैलाने की कोशिश की और इसमें वह रंगे हाथों पकड़ा गया।
इंडियन एंबेसी ने खुलेआम फटकारा
बीजिंग में इंडियन एंबेसी ने चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स पर भारत के बारे में फेक न्यूज फैलाने के लिए कड़ी नाराजगी जताई है। ग्लोबल टाइम्स ने पाकिस्तानी सैन्य सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने एक भारतीय लड़ाकू विमान को मार गिराया है। इसको लेकर इंडियन एंबेसी ने कहा कि ये कदम पूरी दुनिया को गुमराह करने की नीयत से जानबूझकर उठाया गया कदम है।

मनगढ़ंत खबरें- इंडियन एंबेसी
बीजिंग में इंडियन एंबेसी के एक्स अकाउंट से इस फेक न्यूज कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने ग्लोबल टाइम्स को पत्रकारिता की बुनियादी जिम्मेदारियों की याद दिलाई। भारत ने कहा कि इस तरह की मनगढ़ंत खबरें न केवल जनता को गुमराह करती हैं, बल्कि सीमा पार से भारत में हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों को भी अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देती हैं।
इन्फोर्मेशन वॉर
चीनी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने पाकिस्तानी सैन्य सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट छापी। इसमें दावा किया गया कि पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) ने एक और भारतीय लड़ाकू विमान को मार गिराया है। कथित तौर पर यह पिछले हमलों का बदला लेने के लिए किया गया था, जो कि गिराया गया तीसरा भारतीय विमान था। इसके जवाब में, बीजिंग में भारतीय दूतावास ने न सिर्फ इस दुष्प्रचार का खंडन किया बल्कि ग्लोबल टाइम्स को सलाह दी कि वह फेक न्यूज फैलाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करे और खबर के सोर्स की अच्छी तरह से जांच करे। कई पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े झूठे दावे फैला रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल जनता को गुमराह करना है।
ऑपरेशन सिंदूर से थर्राया पाकिस्तान
भारतीय सेना ने आज सुबह पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत जवाबी कार्रवाई की। इस स्ट्राइक में आतंकवादियों के नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया और उन्हें तबाह कर दिया गया। जिसमें जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े बहावलपुर में मरकज सुभान अल्लाह और लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े मुरीदके में मरकज तैयबा शामिल थे। इसके साथ ही जैश-ए-मोहम्मद का एक और गढ़ तेहरा कलां में सरजल, हिज्बुल मुजाहिदीन (एचएम) से जुड़ी सियालकोट में महमूना जोया और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बरनाला में मरकज़ अहले हदीस थे। भारतीय सेना ने कोटली में मरकज़ अब्बास (JeM) और मस्कर राहील शाहिद (HM), शावई नाला कैंप (LeT) और मुजफ्फराबाद में सैयदना बिलाल कैंप (JeM) पर भी हमला किया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications