किम जोंग उन ने 'असली युद्ध' की तैयारी करने के दिए आदेश, उत्तर कोरिया ने मिसाइलों से एयरपोर्ट उड़ाया
किम जोंग उन की बहन ने पिछले साल दावा किया था, कि उत्तर कोरिया ने अमेरिका तक मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण कर लिया है। वहीं, किम जोंग उन पहले ही अमेरिका को परमाणु जंग की धमकी दे चुके हैं।

North Korea Missile Tests: उत्तर कोरिया के तानाशाह नेता किम जोंग उन ने देश की सेना को 'असली युद्ध' की तैयारी करने के आदेश दे दिए हैं, जिसके बाद उत्तर कोरियाई सेना ने जमकर मिसाइलों की बारिश की है। रिपोर्ट के मुताबिक, किम जोंग उन के आदेश के बाद उत्तर कोरिया की सेना ने दुश्मन के हवाई अड्डे का विनाश करने का युद्धाभ्यास किया है और इसके लिए मिसाइलों की बारिश कर दी गई, जिसकी निगरानी खुद किम जोंग उन कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, जब किम जोंग उन के आदेश पर उत्तर कोरियाई सेना मिसाइलों की बारिश कर रही थी, उस वक्त उनकी बेटी भी वहां मौजूद थे, जो युद्धाभ्यास का जायजा ले रही थी।

उत्तर कोरिया ने की मिसाइलों की बारिश
रिपोर्ट के मुताबिक, किम जोंग उन ने देश की सेना से 'वास्तविक युद्ध' का अनुकरण करने के लिए अभ्यास को तेज करने का आदेश दिया है। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने एक तस्वीर जारी की है, जिसमें किम जोंग उन के पीछे उनकी बेटी को एक सोफे पर बैठा हुआ दिखाया गया है। सरकारी मीडिया ने मिसाइल परीक्षण को कामयाब बताया है। उत्तर कोरिया के घटनाक्रमों पर नजर रखने वाले वेबसाइट एनके न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि उत्तर कोरियाई अखबार रोडोंग सिनमुन ने कुछ तस्वीरें प्रकाशित की हैं, जिनसे पता चलता है, कि 6 कम दूरी तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रक्षेपण किया गया है, जिनमें से हर एक बैलिस्टिक मिसाइल, चार अन्य मिसाइलों को ले जाने में सक्षम है। मिसाइल लांचर्स को एक वनक्षेत्र के नजदीक लगाया गया था।

युद्ध की तैयारी क्यों कर रहे किम जोंग?
दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा है, कि उसने गुरुवार शाम लगभग 6.20 बजे उत्तर कोरिया के पश्चिमी तट से "एक ही क्षेत्र से दागे गए SRBM के कई राउंड" के प्रक्षेपण का पता लगाया है। जबकि, उत्तर कोरिया की राज्य समाचार एजेंसी केसीएनए ने कहा है, कि "स्ट्राइक मिशन" के लिए प्रशिक्षित यूनिट ने "लक्षित जल क्षेत्र में शक्तिशाली वॉली" दागी और "वास्तविक युद्ध का मुकाबला करने" की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। वहीं, केसीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि "(किम) ने जोर देकर कहा, कि फायर असॉल्ट सब यूनिट्स को दो सामरिक मिशनों को पूरा करने के लिए सख्ती से तैयार किया जाना चाहिए, जो युद्ध को रोकने के लिए और दूसरे युद्ध में पहल करने के लिए काफी अहम होगा।" उत्तर कोरिया ने उस वक्त बैलिस्टिक मिसाइलों की प्रक्षेपण किया है, जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया बड़े पैमाने पर संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू करने वाले हैं, जिन्हें फ्रीडम शील्ड के रूप में जाना जाता है, जिसे आखिरी बार 2018 में आयोजित किया गया था।

यूएस-दक्षिण कोरिया युद्धाभ्यास से चिढ़े किम
विश्लेषकों का कहना है, कि अमेरिका-दक्षिण कोरिया के बीच अभ्यास जारी रहने तक उत्तर कोरिया अपने परीक्षण को और तेज कर सकता है। आपको बता दें, कि फ्रीडम शील्ड 13 मार्च को शुरू हो रही है और इसके 10 दिनों तक चलने की उम्मीद है। सियोल में इवा विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर लीफ-एरिक इस्ले ने अलजजीरा को बताया, कि "यह संभवतः उत्तर कोरिया द्वारा उत्तेजक परीक्षणों की एक श्रृंखला की शुरुआत है।" उन्होंने कहा, कि "प्योंगयांग प्रमुख अमेरिका-दक्षिण कोरिया रक्षा अभ्यास से पहले ही चिढ़ा हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून, जापान के दौरे पर जाने वाले हैं और किसी दक्षिण कोरियन राष्ट्रपति का 12 सालों के बाद जापान दौरा हो रहा है, जहां वो प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात करेंगे। लिहाजा, किम शासन लंबी दूरी की मिसाइल दागने का आदेश दे सकता है, जासूसी उपग्रह प्रक्षेपण का प्रयास कर सकता है, ठोस ईंधन इंजन का प्रदर्शन कर सकता है और शायद परमाणु परीक्षण भी कर सकता है"।
Recommended Video


उत्तर कोरिया का विनाशकारी मिसाइल कार्यक्रम
उत्तर कोरिया ने 2019 से हथियारों के विकास को काफी तेजी से आगे बढ़ाया है जब उसके परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को रोकने के कूटनीतिक प्रयास विफल हो गए थे। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल, जिन्होंने पिछले साल पदभार ग्रहण किया था, उन्होंने प्योंगयांग के प्रति अधिक आक्रामक रुख अपनाया है और अमेरिका और जापान के साथ राजनयिक संबंधों और सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने में काफी तेजी दिखाई है। यून अगले सप्ताह जापान और 26 अप्रैल को अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जाने वाले हैं, जहां वह राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात करेंगे। वहीं, उत्तर कोरिया ने पिछले साल एक एस्केलेटरी न्यूक्लियर डॉक्ट्रीन को अपनाया था, जिसमें विभिन्न स्थितियों में प्रीमेप्टिव न्यूक्लियर स्ट्राइक के इस्तेमाल को अधिकृत किया गया था, जहां यह अपने नेतृत्व को खतरे में देख सकता है। वहीं, किम की बहन किम यो जोंग ने इस हफ्ते की शुरुआत में चेतावनी दी थी, कि अगर कोई देश उत्तर कोरिया के परीक्षण मिसाइल को मार गिराने की हरकत करता है, तो उसे उत्तर कोरिया के खिलाफ युद्ध की घोषणा माना जाएगा।

रिकॉर्ड संख्या में मिसाइल प्रक्षेपण
उत्तर कोरिया ने पिछले साल रिकॉर्ड संख्या में मिसाइल परीक्षण किए थे और हाल के सप्ताहों में एक इंटपकंटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल, कम दूरी की मिसाइल और कथित लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल प्रणाली का भी परीक्षण करने का दावा किया है। किम जोंग उन ने साल के शुरूआत में देश की जनता को संबोधित करते हुए साफ शब्दों में कहा था, कि उत्तर कोरिया इस साल भी मिसाइलों का प्रक्षेपण करेगा। वहीं, उत्तर कोरिया ने आखिरी बार सितंबर 2017 में परमाणु परीक्षण किया था और पिछले एक साल से आशंका जताई जा रही है, कि उत्तर कोरिया फिर से परमाणु परीक्षण कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications