न्यूजीलैंड संसद में बना इतिहास, पहली बार पुरुषों से अधिक हुई महिला सांसदों की संख्या
न्यूजीलैंड के इतिहास में पहली बार महिला सांसदों की संख्या पुरुष सांसदों के पार चली गई है। उदारवादी लेबर पार्टी की नेता सोराया पेके मैसन के शपथ लेते ही न्यूजीलैंड की संसद ने यह शानदार रिकॉर्ड बनाया है।
न्यूजीलैंड के इतिहास में पहली बार महिला सांसदों की संख्या पुरुष सांसदों के पार चली गई है। उदारवादी लेबर पार्टी की नेता सोराया पेके मैसन के शपथ लेते ही न्यूजीलैंड की संसद ने यह शानदार रिकॉर्ड बनाया है। सोराया मैसन ने न्यूजीलैंड संसद में पूर्व स्पीकर ट्रेवर मलार्ड का स्थान लिया। ट्रेवर मलार्ड को आयरलैंड का राजदूत नियुक्त किया गया है। सोराया मैसन की एंट्री के बाद संसद में महिलाओं की संख्या 59 से 60 हो गयी जबकि स्पीकर के साथ ही एक अन्य पुरुष सांसद के सीट छोड़ने के बाद यह आंकड़ा 61 से कम होकर 59 पहुंच गया।
Image- Twitter

पेके मैसन ने जताई खुशी
पेके मैसन ने कहा, "यह मेरे लिए बेहद खास दिन है। मुझे लगता है कि यह न्यूजीलैंड के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।" संसद में 50 फीसदी से अधिक महिलाओं की महत्वपूर्ण उपलब्धि न्यूजीलैंड को दुनिया के उन आधा दर्जन देशों की सूची में शामिल करती है, जिन्होंने यह मील का पत्थर हासिल कर रखा है। ऐसे देशों में क्यूबा, मैक्सिको, निकारागुआ, रवांडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।"

महिलाओं को वोटिंग राइट देने वाला पहला देश बना न्यूजीलैंड
अंतर संसदीय संघ के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर 26 प्रतिशत सांसद महिलाएं हैं। न्यूलीजैंड में महिलाओं के मजबूत प्रतिनिधित्व का इतिहास रहा है। न्यूजीलैंड 1893 में ही महिलाओं को वोटिंग राइट्स देने वाला दुनिया का पहला देश बना था। न्यूजीलैंड की मौजूदा प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न देश की तीसरी महिला प्रधानमंत्री है। इसके अलावा प्रधान न्यायाधीश और गवर्नर जनरल समेत देश के कई अन्य शीर्ष पदों पर महिलाएं काबिज हैं।

न्यूजीलैंड में 3 महिला पीएम बनीं
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 1919 तक चुनावों में महिलाओं को खड़े होने का अधिकार नहीं मिला था। पहली बार 1933 में एक महिला के रूप में एलिजाबेथ मैककॉम्ब्स ने उपचुनाव जीता था। एलिजाबेथ मैककॉम्ब्स ने अपनी पति की मौत के बाद उनकी सीट पर यह चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। जेनी सिप्ली न्यूजीलैंड की पहली महिला थीं जिन्हें प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ था। इसके बाद हेलेन क्लार्क न्यूजीलैंड के इतिहास की पहली महिला पीएम बनीं जिन्हें जनता ने चुना था। अब तक न्यूजीलैंड में कुल 3 महिला प्रधानमंत्री रह चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications