Pakistan News: नवाज शरीफ का 'वनवास' खत्म: आज पाकिस्तान लौट रहे पूर्व PAK प्रधानमंत्री, शक्ति प्रदर्शन शुरू
Pakistan Ex PM Nawaz Sharif: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का 'वनवास' आज खत्म हो रहा है और आज वो अपने वतन लौट रहे हैं। करीब 4 सालों के बाद नवाज शरीफ की आज पाकिस्तान वापसी हो रही है और उनकी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) ने उनकी स्वागत की भव्य तैयारी कर रखी है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पार्टी अपने समर्थकों से लाहौर में मीनार-ए-पाकिस्तान में जुटने का आग्रह कर रही है। अपने नेता को बधाई देने के लिए उनके समर्थक लाहौर में जुटने भी लगे हैं। पार्टी की कोशिश ये दिखाने की भी है, कि चार सालों तक देश से बाहर रहने के बाद भी नवाज शरीफ की लोकप्रियता कम नहीं हुई है। हालांकि, उनके विरोधियों का कहना है, कि नवाज शरीफ के लौटना अब पाकिस्तान की राजनीति में कोई मायने नहीं रखता है।

आज पाकिस्तान लौट रहे नवाज शरीफ
पाकिस्तान के पूर्व वित्त मंत्री और पीएमएल-एन के दिग्गज नेता इशाक डार ने पुष्टि की है, कि बड़े शरीफ (नवाज शरीफ) शनिवार दोपहर एक चार्टर्ड विमान के जरिए दुबई से इस्लामाबाद के लिए उड़ान भरेंगे।
इशाक डार ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, कि "इस्लामाबाद में करीब एक घंटे रुकने के बाद, वह मीनार-ए-पाकिस्तान में एक रैली को संबोधित करने के लिए लाहौर के लिए रवाना होंगे।"
पार्टी के मुताबिक, नवाज शरीफ संभवत: दोपहर 12.30 बजे चार्टर्ड विमान से इस्लामाबाद पहुंचेंगे और कुछ घंटों के बाद लाहौर के लिए रवाना होंगे। वो दिन में मीनार-ए-पाकिस्तान के लिए रवाना होने से पहले, वह जाति उमरा स्थिति अपने आवास जा सकते हैं।
ऑब्जर्वर्स का कहना है, कि नवाज़ शरीफ, लाहौर के बजाय इस्लामाबाद इसलिए पहुंच रहे हैं, क्योंकि राजधानी में उनका उतरना ज़मानत के लिए ज़रूरी है, जिसे इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने गुरुवार को पहले ही दे दिया था।
डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीएमएलएन नेताओं ने शुक्रवार को कहा है, कि "नवाज शरीफ की घर वापसी के लिए एक जोरदार शक्ति प्रदर्शन करना सभी को यह बताने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, कि पीएमएल-एन अभी भी लाहौर में एक लोकप्रिय पार्टी है, जो कभी इसका गढ़ था।" नवाज की पार्टी के नेताओं का कहना है, कि "पार्टी नेतृत्व इसमें सफल होगा, क्योंकि इस संबंध में बहुत कुछ दांव पर लगा है।"
उन्होंने कहा, कि नवाज शरीफ के आगमन से पार्टी को ऐसे समय में बहुत जरूरी प्रोत्साहन मिलेगा, जब देश कुछ महीनों में आम चुनाव की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "वह पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व करेंगे और चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।"
लाहौर में, नवाज शरीफ के छोटे भाई शहबाज शरीफ, उनकी बेटी मरियम नवाज शरीफ और भतीजे हमजा शहबाज सहित पीएमएल-एन नेतृत्व ने शुक्रवार को एक व्यस्त दिन बिताया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके, कि बलूचिस्तान, सिंध और गिलगित-बाल्टिस्तान से पार्टी कार्यकर्ताओं का कारवां लाहौर के लिए रवाना हो सके। तीनों ने स्वागत की व्यवस्थाओं को देखने के लिए मीनार-ए-पाकिस्तान का भी दौरा किया।
स्वागत स्थल पर कव्वाली
शुक्रवार को पीएमएल-एन पंजाब और लाहौर के अध्यक्ष राणा सनाउल्लाह और सैफुल मलूक खोखर ने रैली स्थल का हवाई दृश्य देखने के लिए हेलीकॉप्टर की सवारी की। स्थानीय कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए पार्टी ने कार्यक्रम स्थल पर एक कव्वाली रात का भी आयोजन किया। कार्यकर्ता रात भर जगे रहे।
कथित तौर पर पार्टी ने शुक्रवार रात लाहौर पहुंचने वालों के लिए ठहरने की व्यवस्था की है। जबकि, लाहौर के कुछ पूर्व सांसदों को आवास और भोजन की व्यवस्था करने का काम सौंपा गया है।
पीएमएल ने दस लाख लोगों को इकट्ठा करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है, लेकिन आयोजकों ने शुक्रवार को केवल 10,000 कुर्सियां ही रखीं हैं। पंजाब पुलिस के हजारों अधिकारी, जो वर्दी और सादे कपड़ों में होंगे, वो कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
लंदन क्यों चले गये थे नवाज शरीफ?
इस्लामाबाद हाईकोर्ट से 4 हफ्तों के लिए जमानत मिलने के बाद नवाज शरीफ नवंबर 2019 में मेडिकल ग्राउंड पर लंदन चले गये थे। उस वक्त पाकिस्तान में इमरान खान की सरकार थी।
लंदन जाने से पहले नवाज शरीफ ने अल-अज़ीज़िया भ्रष्टाचार मामले में अपनी सात साल की जेल की सजा की आधी सजा काट ली थी। लेकिन, उसके बाद लगातार चार सालों तक सजा के खिलाफ अपील की कार्यवाही में लगातार गैर-मौजूदगी की वजह से नवाज शरीफ को अल-अजीजिया और एवेनफील्ड भ्रष्टाचार मामलों में अपराधी घोषित कर दिया गया था।
लेकिन, इस बार नेशनल ब्यूरो ऑफ एकाउंटिबिलिटी ने नवाज शरीफ की जमानता का विरोध नहीं किया, जिसके बाद इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने नवाज शरीफ को 24 अक्टूबर तक के लिए जमानत दे दी है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है, कि वह "सही समय" पर देश लौट रहे हैं, क्योंकि उनके कट्टर प्रतिद्वंद्वी, पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान जेल में हैं और पीएमएल-एन देश के अंदर चुनाव से पहले "सही समीकरण" बना सकती है।
वहीं, इमरान खान की पार्टी ने नवाज शरीफ को 'पाकिस्तानी सेना का नया लाडला' कहा है।












Click it and Unblock the Notifications