इंदिरा गांधी के बाद 40 साल में ग्रीस दौरा करने वाले पहले PM बनेंगे मोदी, जानिए क्यों महत्वपूर्ण है ये यात्रा ?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद 25 अगस्त को ग्रीस का दौरा करेंगे। पीएम का ये दौरा एकदिवसीय होगा। पीएम मोदी ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस के निमंत्रण पर ग्रीस का दौरा कर रहे हैं।
पीएम मोदी की ग्रीस यात्रा की योजना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह 40 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। इससे पहले ग्रीस का दौरा करने वाली इंदिरा गांधी आखिरी प्रधानमंत्री थीं। इससे पहले ग्रीस की ओर से पीएम क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने 2019 में नई दिल्ली का दौरा किया था।

ग्रीस की राजधानी एथेंस पहुंचने पर प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी यूरोपीय देश की अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान अज्ञात सैनिकों की कब्र पर जाएंगे और ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की प्रतिबंधित वार्ता करेंगे।
ग्रीक प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। दोनों नेता व्यापार और निवेश, शिपिंग, आव्रजन, संस्कृति और रक्षा सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इसके अलावा दोनों नेता संयुक्त रूप से दोनों देशों के प्रमुख व्यापारिक नेताओं को संबोधित करेंगे।
भारत और ग्रीस के प्रधानमंत्रियों की आखिरी निर्धारित द्विपक्षीय बैठक सितंबर 2019 में UNGA के मौके पर न्यूयॉर्क में हुई थी। पीएम मोदी के ग्रीस दौरे को लेकर विदेश मंत्री ने जयशंकर ने ग्रीस को एक 'महत्वपूर्ण भागीदार' और यूरोप और यूरोपीय संघ के बाजार के लिए भारत का प्रवेश द्वार बताया।
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि ग्रीस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट हासिल करने की नई दिल्ली की कोशिश सहित कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का समर्थक रहा है।
पीएम मोदी के एजेंडे के बारे में बोलते हुए, विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीएम मोदी की यात्रा के दौरान, दोनों पक्ष अपने सहयोग के व्यापार और निवेश खंड का विस्तार और विविधता लाने पर विचार करेंगे।
पीएम मोदी की यात्रा उस समय हो रही है जब ग्रीस के पड़ोसी तुर्किये के साथ भारत के रिश्तों में कड़वाहट आई है। ग्रीस भी आतंकवाद का शिकार रहा है और उसे विदेशों से अपनी सीमाओं में आतंकवादियों की घुसपैठ का डर रहता है।
यात्रा के दौरान दोनों नेता आपसी हितों के क्षेत्रीय मुद्दों और द्विपक्षीय जुड़ाव को गहरा करने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे। पीएम मोदी एथेंस में प्रवासी भारतीयों से भी बातचीत करेंगे। इसके अलावा, यह भी अनुमान है कि प्रधानमंत्री भारत-ग्रीस के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाएंगे क्योंकि दोनों देश 300 ईसा पूर्व का एक शानदार इतिहास साझा करते हैं।
मौर्य राजाओं और ग्रीस के बीच व्यापार का प्रमाण सिक्कों और लेखों से मिलता है। ग्रीस के महान सम्राट सिकंदर को भारत के घर-घर में जाना जाता है। इसके अलावा भारत में लोकप्रिय गांधार कला को भारतीय और यूनानी प्रभावों का मिश्रण माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications