Musk Vs Trump: ट्रंप के बिल को एलन मस्क ने बताया घिनौना और शर्मनाक, बोले- नेताओं को पद से हटाऊंगा
Musk Vs Trump: टेस्ला और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक एलन मस्क ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नए फंडिंग बिल की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस बिल को 'घिनौना और शर्मनाक' बताया है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी राय व्यक्त करते हुए इस बिल के प्रति अपनी अस्वीकृति दिखाई है। साथ ही उन लोगों को भी बेशर्म कहा है जिन्होंने इसके समर्थन में वोटिंग की है।
बेतुकी और फिजूलखर्ची फंडिंग- मस्क
मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मैं अब और सहन नहीं कर सकता। यह बिल बहुत बड़ा, बेतुका और फिजूल खर्चों से भरा है। जिन लोगों ने इसके पक्ष में वोट दिया, उन्हें शर्म आनी चाहिए।" मस्क ने दावा किया कि यह बिल अमेरिका के बजट घाटे को 2.5 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ा देगा। उन्होंने संसद पर देश को दिवालिया बनाने का आरोप लगाया। मस्क का ये निशाना परोक्ष रूप से डोनाल्ड ट्रंप की ओर ही है।

कई नेताओं को हटाऊंगा- मस्क
एक अन्य पोस्ट में मस्क ने कहा कि वे अगले साल नवंबर में उन सभी राजनेताओं को पद से हटा देंगे जिन्होंने जनता को धोखा दिया है। मस्क की इस तीखी प्रतिक्रिया से व्हाइट हाउस के कई अधिकारी हैरान हैं, हालांकि वे मस्क की राय से अवगत थे, लेकिन उन्हें इस प्रकार की सार्वजनिक प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी।
क्या है यह फंडिंग बिल?
"वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट" के नाम से लाया गया यह बिल ट्रम्प के 2017 के टैक्स में कटौती में बढ़ोतरी करता है। इसके अतिरिक्त, यह सैन्य और सीमा सुरक्षा पर खर्च बढ़ाता है, जबकि गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य सहायता और अन्य योजनाओं में कटौती करता है। सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, इस बिल से अगले 10 सालों में अमेरिका के कर्ज में लगभग 3.8 ट्रिलियन डॉलर की वृद्धि होने का अनुमान है। वर्तमान में, अमेरिका पर कुल 36.2 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज है।
'बिल' के वो प्वॉइंट्स जिनसे भड़के मस्क
• इनकम टैक्स और एस्टेट टैक्स में 2017 में की गई कटौती को स्थायी बनाना, साथ ही टैक्स कटौती को बढ़ाने का प्रस्ताव।
• ओवरटाइम और सोशल सिक्योरिटी इनकम पर टैक्स कटौती का प्रस्ताव। साथ ही व्हाइट हाउस के मुताबिक सालाना 30 से 80 हजार डॉलर की कमाई वालों को अगले साल 15% कम टैक्स देना होगा।
• अवैध इमीग्रेशन रोकने के लिए सीमा सुरक्षा और अमेरिकी सेना को मजबूत करने पर अधिक खर्च करना।
• सरकार में फिजूलखर्ची, धोखाधड़ी और दुरुपयोग रोकने के लिए कड़े इंतजाम।
• डेब्ट सीलिंग यानी सरकार कितना कर्ज ले सकती है, उसकी सीमा बढ़ाना। ये सीमा समय-समय पर बढ़ानी पड़ती है ताकि सरकार अपने बिल और खर्चे चुका सके।
अपने फैसले पर अड़े ट्रंप
इन सब आलोचनाओं से इतर ट्रंप ने इस बिल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह "अविश्वसनीय" है और बजट घाटे को कम करता है। उन्होंने संकेत दिया कि वे और भी बड़े टैक्स कट चाहते हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति को मस्क की राय पहले से पता है और वे बिल को सही मानते हैं। कैरोलिन लीविट ने ये भी बताया कि, "मस्क की बातों से ट्रम्प की राय पर कोई असर नहीं पड़ा है। यह एक शानदार बिल है और राष्ट्रपति अपने फैसले पर अडिग हैं।"
ट्रंप से नाता तोड़ चुके हैं मस्क
एलन मस्क ने 29 मई को ट्रम्प प्रशासन का साथ छोड़ दिया था। वे डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) में सलाहकार की भूमिका में थे। मस्क ने अपना कार्यकाल खत्म होने से एक दिन पहले इस बिल को लेकर नाराजगी जताते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। मस्क ने सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि DOGE का मकसद खर्चों में कटौती करना है और यह बिल उसके खिलाफ है। यह विवाद ऐसे समय पर हुआ है, जब सीनेट में इस बिल पर बहस चल रही है और ट्रम्प खुद सीनेटरों को इसके समर्थन के लिए मना रहे हैं।
मस्क की प्रतिक्रिया से मची हलचल
फिलहाल ट्रम्प के 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट' पर एलन मस्क की तीखी प्रतिक्रिया ने अमेरिका में हलचल मचा दी है। जहां ट्रम्प इस बिल को अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद बता रहे हैं, वहीं मस्क ने इसे देश को दिवालिया करने वाला करार दिया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है हमें कॉमेंट में जरूर बताएं।












Click it and Unblock the Notifications