घरेलू काम के लिए भी बीवी को पगार, स्पेन कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, पूर्व पति को चुकाने होंगे इतने करोड़
स्पेन की एक अदालत ने एक व्यक्ति को आदेश दिया कि वह अपनी पूर्व पत्नी को उसकी शादी के दो दशकों के 'अवैतनिक घरेलू श्रम' के मुआवजे के रूप में £1,80,000 या लगभग ₹1.75 करोड़ की राशि का भुगतान करे।

Image: Oneindia
स्पेन की एक अदालत ने तलाक से जुड़े एक मामले में एक शख्स को अपनी पूर्व पत्नी से 25 साल तक घरेलू कामकाज करवाने के बदले £1,80,000 या 1.75 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं कोर्ट ने पति को अपनी पूर्व पत्नी और दंपति की दो बेटियों को मासिक भरण-पोषण देने का भी आदेश दिया गया है।
शादी के 25 साल बाद छोड़ा
यह मामला दक्षिणी स्पेन में वेलेज मलागा का है। वहां पर 25 साल तक एकसाथ रहने के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। हैरानी की बात ये है कि उस शख्स ने अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के लिए कुछ भी नहीं छोड़ा। इसके बाद संपति को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पति का कहना था कि शादी में रहते हुए उसने जो कुछ भी कमाया है वह उसका खुद का है और उस पर पत्नी इवाना मोरल का कोई अधिकार नहीं है।
पत्नी ने संभाली घर की जिम्मेदारी
पत्नी इवाना मोरल का कहना है कि उसने शादी के बाद से ही घर की जिम्मेदारी ले ली थी। घर के कामकाज और बच्चों की देखभाल में उसने खुद को समर्पित कर दिया। मोरल का आरोप है कि उसकी पहुंच घरेलू मामलों तक ही सीमित कर दी गई थी और उसके पति नहीं चाहते थे कि वह वित्तीय मामलों में ध्यान दे। उसे बाहरी काम करने से रोक दिया गया था। मोरल ने कहा कि उसने 25 साल तक घर का पूरा काम संभाला, पति और दो बच्चों की देखभाल की और जिम में रिसेप्शन की जिम्मेदारी भी संभाली। इन सब की वजह से इवाना खुद के लिए समय नहीं निकाल पाई।
पति ने आर्थिक रूप से किया बर्बाद
इवाना मोरल का कहना है कि स्पष्ट रूप से यह दुर्व्यवहार का मामला था क्योंकि उसके पति ने उसे आर्थिक रूप से पूरी तरह से तबाह कर दिया था। शादी टूटने के बाद उसके पास अपनी बच्चियों को देने के लिए फूटी कौड़ी तक नहीं थी। मोरल ने कहा कि शादी के दौरान, उसे 'सेपरेशन ऑफ गुड्स एग्रीमेंट' पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया था। इसमें पति को अपनी संपत्ति रखने और अपनी सामान्य संपत्ति को विभाजित करने की अनुमति दी गई थी।
25 सालों का मिला मुआवजा
इसके बाद न्यायाधीश लौरा रुइज अलामिनोस ने पति को आदेश दिया कि वह अपनी पत्नी द्वारा किए गए 25 सालों की मेहनत का मुआवजा दे। कोर्ट ने इसके लिए यह भी देखा कि शादी के बाद से तलाक लेने तक महिला के सहयोग के कारण पति को कुल कितनी कमाई हुई। इसके बाद कोर्ट ने 'अवैतनिक घरेलू श्रम' के रूप में पति को पूर्व पत्नी इवाना को न्यूनतम मजदूरी के दर से घर का काम कराने के लिए 1.75 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया।
पत्नी को भी भत्ता देने का आदेश
इसके साथ ही कोर्ट ने बेटियों के लिए मासिक चाइल्डकैअर भत्ता देने का भी आदेश दिया है। बता दें कि दोनों की दो बेटियां हैं। इनमें एक की उम्र 14 साल और दूसरी की उम्र 20 साल है। पति, जिसका नाम सूट में नहीं है, कथित तौर पर एक सफल जिम व्यवसाय का मालिक है और उसके पास कई शानदार संपत्ति है, जिसकी कीमत 6.4 मिलियन डॉलर है। मोरल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह मामला अन्य महिलाओं के लिए एक उदाहरण और प्रेरणा के रूप में काम करेगा।












Click it and Unblock the Notifications