चलते प्लेन से बाहर कूद गया शख्स, एक सनकी यात्री ने खतरे में डाली सैकड़ों की जान
लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर एक सनकी यात्री चलती फ्लाइट से नीचे कूद गया।
लॉस एंजिलिस, जून 27: अमेरिका के लॉस एंजिलिस में एक सनकी यात्री ने हवाई जहाज में सफर करने वाले सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। रिपोर्ट के मुताबिक एक सनकी शख्स चलते हवाई जहाज से बाहर कूद गया, जिसके बाद पूरे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सनकी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। (सभी तस्वीर प्रतीकात्मक)

चलती प्लेन से कूदा शख्स
ये पूरा मामला लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट का है और एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक आरोपी यात्री यूनाइटेड एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या 5365 में सवाल था, जिसे लॉस एंजिलिस से सॉल्ट लेक सिटी के लिए उड़ान भरना था। रिपोर्ट के मुताबिक फ्लाइट जब उड़ाने भरने से पहले रनवे पर चलने लगी, ठीक उसी वक्त सनकी यात्री ने हंगामा करना शुरू कर दिया और फिर फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलकर प्लेन से नीचे कूद गया।

कॉकपिट में घुसने की कोशिश
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी यात्री ने फ्लाइट खुलने के बाद प्लेन में जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया था और वो कॉकपिट में घुसना चाहता था। आरोपी शख्स कॉकपिट का दरवाजा खुलवाकर पायलट तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था, जिसमें वो नाकाम रहा। जिसके बाद आरोपी यात्री सर्विस डोर खोलने में कामयाब रहा। सर्विस डोर खुलते ही आरोपी शख्स फ्लाइट से नीचे कूद गया। जिसके बाद हवाई अड्डे के अधिकारियों ने आरोपी को फौरन गिरफ्तार कर लिया और उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसके शरीर पर लगी चोटों का प्राथमिक इलाज किया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति पूरी तरह से ठीक बताई है।

खतरे में सैकड़ों की जिंदगी
एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि फ्लाइट कुछ सेकेंड्स के बाद उड़ान भरने वाली थी और वो रनवे पर उड़न भरने के लिए दौड़ना शुरू कर चुकी थी और इस यात्री ने खुद के साथ साथ सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया था। आरोपी शख्स के फ्लाइट से कूदने के बाद फौरन फ्लाइट को इमरजेंसी हालात में रोकना पड़ा और फिर उसे वापस गेट के पास लाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में कोई और घायल नहीं हुआ है। वहीं, फ्लाइट करीब 3 घंटे तक एयरपोर्ट पर और रही, फिर तमाम जांच के बाद ही फ्लाइट को दोबारा उड़ान भरने की इजाजत दी गई।

लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर दूसरी बार घटना
रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरे वाकये की जांच की जिम्मेदारी अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन को सौंपी गई है। वहीं बताया जा रहा है कि ये दूसरी बार है जब लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर इस तरह से किसी यात्री ने फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग करवाई हो। इससे पहले गुरुवार को ही एक ड्राइवर FedEx कार्गो सुविधा में चेन-लिंक बाड़ को तोड़कर हवाई क्षेत्र में चला गया था। पुलिस ने उनकी कार का पीछा किया और उसे हिरासत में लिया। लेकिन, तब तक वो रन-वे पर पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि उसी वक्त एक फ्लइट की लैंडिंग होनी थी।












Click it and Unblock the Notifications