अरबी ड्रेस पहनकर महंगी कार खरीदने का वीडियो बनाना पड़ा भारी, UAE पुलिस ने पकड़ा, जानें पूरा मामला
हाल में ही इंटरनेट पर एक सऊदी वेशभूषा वाले शख्स का वीडियो खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह शख्स नोटो के सैंकड़ों बंडल लेकर एक कार शोरूम में घुस जाता है और कई सारी कारें खरीद लेता है।
इस वीडियो ने इंटरनेट पर खूब प्रसिद्धि पाई। हालांकि इस वीडियो का वायरल होने क्रिएटर को बहुत भारी पड़ा है। इस शख्स को अब हिरासत में ले लिया गया है।

संयुक्त अरब अमीरात में पुलिस ने वीडियो क्रिएटर पर अमीराती समाज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए हिरासत में लिया है। दरअसल, इस वीडियो में शख्स ने खुद को यूएई का दिखाने के लिए उनके जैसे पारंपरिक कपड़े पहने हैं।
इसके बाद में वह दो लोगों के साथ में नकदी की एक बड़ी ट्रे लेकर एक लक्जरी कार शोरूम में घुस जाता है। इसके बाद वो शख्स ढेर सारी नकदी पैसे के साथ आकर्षक कारें खरीदने का नाटक करते हुए दिखता है।
वह अरबी लहजे में अंग्रेजी बोलते हुए, सबसे अधिक कीमत वाली कार दिखाने की मांग करता है। इस दौरान वह कार शो रूम में कुछ कर्मचारियों को दिरहम के कुछ बंडल भी देता है। बता दें, शोरूम कर्मचारियों ने उसे 2.2 मिलियन दिरहम यानी करीब 6 लाख डॉलर तक की कारें दिखाई थीं।
बाद में यह कहते हुए कार लेने से इनकार कर दिया कि यह उतनी महंगी नहीं है, जितनी उसे चाहिए। बाद में, शख्स वीडियो में रोल्स-रॉयस सहित चार महंगी कारों का ऑर्डर देता दिखाई देत है।
वीडियो क्रिएटर पर अमीराती समाज का अपमान करने वाली पोस्ट सोशल मीडिया पर डालने का आरोप लगाया गया है। राज्य WAM न्यूज एजेंसी ने कहा कि यूएई निवासी पर 'जनमत को भड़काने वाला और सार्वजनिक हितों को नुकसान पहुंचाने वाली' पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शख्स को जांच होने तक हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वीडियो अमीराती नागरिकों की गलत छवि को बढ़ावा देने वाला है। शख्स वीडियो में ऐसा दिखाता है कि अरबी लोग पैसे की कोई कद्र नहीं करते।
रिपोर्ट में कहा गया है कि शख्स अमीराती नागरिकों की गलत और आक्रामक मानसिक छवि को बढ़ावा देता है और उनका उपहास करता है। इतना ही नहीं, यूएई पुलिस ने कार शोरूम के मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके साथ ही अधिकारियों ने सोशल मीडिया यूजर्स से अफवाहों और दिखावटी वीडियो देखने से बचने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications