प्रकृति का चमत्कार: महिला ने एक साथ दिया 9 बच्चों को जन्म, अल्ट्रासाउंड फेल, डॉक्टर हैरान-परेशान
माली में एक महिला ने एक साथ 9 बच्चों को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने इसे दुर्लभ से दुर्लभ घटना बताया है।
माली, मई 05: माली में कुदरत का अनोखा चमत्कार देखने को मिला है। आपने अब तक सुना होगा कि किसी महिला ने 2 या तीन बच्चों को एक साथ जन्म दिया है लेकिन अफ्रीकी देश माली में एक महिला ने एक साथ 9 बच्चों को जन्म देकर हर किसी को हैरान कर दिया है। माली सरकार ने बयान जारी करते हुए कहा है कि महिला और उसके सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं।

9 बच्चों को दिया जन्म
रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को मोरक्को में 25 साल की महिला ने 9 बच्चों को जन्म दिया है। वहीं माली सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है महिला और उसके सभी 9 बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक हलिमा सिससे नाम की महिला का जब अल्ट्रासाउंड किया गया था तो डॉक्टरों को पता चला था कि महिला के पेट में 7 बच्चे पल रहे हैं लेकिन प्रसव के दौरान महिला ने 9 बच्चों को जन्म देकर डॉक्टरों को हैरान कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक 7 बच्चों को भी एक साथ जन्म देना दुर्लभ माना जाता है लेकिन 9 बच्चों को एक साथ जन्म देता दुर्लभ से भी दुर्लभ स्थिति है।

5 बेटियां और 4 बेटों को दिया जन्म
माली की स्वास्थ्य मंत्री फंटा सिबी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि मां हलिमा सिससे और सभी 9 बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं, हालांक अभी डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा हुआ है। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि 'ऑपरेशन करने के बाद सभी बच्चों का जन्म हुआ है। महिला हलिमा सिससे ने 5 बेटियों और 4 बेटों को जन्म दिया है।' वहीं, माली स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 'महिला ने मोरक्को के एक अस्पताल में बच्चों को जन्म दिया है और कुछ हफ्ते बाद मां और सभी बच्चे वापस माली लौट आएंगे।' हालांकि, स्थानीय मीडिया ने महिला और सभी बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है।

दुर्लभ है मामला
माली सरकार ने हालांकि महिला के 9 बच्चों के जन्म देने की पुष्टि कर दी है लेकिन अभी तक मोरक्को प्रशासन ने महिला के 9 बच्चों के जन्म देने की पुष्टि नहीं की है। मोरक्को प्रशासन के प्रवक्ता रिचिड कोउधारी कहा है कि उन्हें अभी इस बारे में जानकारी नहीं है कि उनके यहां किसी महिला ने 9 बच्चों को जन्म दिया है। वहीं, माली सरकार ने कहा है कि महिला के साथ माली के एक डॉक्टर को भी भेजा गया था जो सरकार के सीधे संपर्क में है और महिला की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, माली स्वास्थ्य मंत्री फंटा सिबी ने 9 बच्चों को जन्म देने के लिए महिला को बधाई दी है। माली की स्वास्थ्य मंत्री ने माली सरकार और मोरक्को के उस अस्पताल के डॉक्टरों को भी बधाई दी है, जिन्होंने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया और मां सहित सभी बच्चों को बचाया।












Click it and Unblock the Notifications