Liquor In Iran: ईरान में शराब परोसने के अजीब हैं नियम, टूरिस्ट के लिए कड़े कानून, लोकल ऐसे कर लेते हैं इंतजाम
Liquor In Iran: ईरानी संस्कृति और साहित्य में शराब का इतिहास हजारों साल पुराना है। फारसी कवि हाफ़िज़ और उमर ख़य्याम की शायरी में शराब, प्रेम और आज़ादी का प्रतीक रही है। लेकिन 1979 की कट्टरपंथी विचारधारा वाली इस्लामी क्रांति के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। इस्लामी गणराज्य बनने के साथ ही ईरान में शराब पर पूरी तरह कानूनी प्रतिबंध लगा दिया गया। तो फिर ईरान में लोग शराब कैसे पीते हैं और जो टूरिस्ट वहां जाते हैं उनको शराब कैसे मुहैया कराई जाती है, इसका तरीका बेहद दिलचस्प है।
क्या ईरान में शराब अवैध है?
हां, ईरान उन देशों में शामिल है जहां शराब पूरी तरह अवैध है। यहां किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, कैफे या सार्वजनिक जगह पर शराब परोसी नहीं जा सकती। ईरान में एक भी सार्वजनिक बार, पब या नाइटक्लब मौजूद नहीं है। ईरान का संविधान शरिया (इस्लामी कानून) पर आधारित है, जिसके तहत मुस्लिम नागरिकों के लिए शराब का उत्पादन, खरीद, बिक्री और सेवन अपराध है।

शराब पर प्रतिबंध के पीछे कानून और सज़ा
1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से शराब पर कानूनी रोक लागू है। अगर कोई मुस्लिम नागरिक शराब पीते या रखते हुए पकड़ा जाता है तो उसे भारी जुर्माना, जेल की सज़ा और कुछ मामलों में सार्वजनिक तौर पर कोड़े लगाने जैसी कड़ी सज़ाओं का सामना करना पड़ सकता है।
क्या पर्यटक ईरान में शराब पी सकते हैं?
ईरान में पर्यटकों के लिए भी शराब पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह नियम राष्ट्रीयता, धर्म या व्यक्तिगत मान्यताओं से परे लागू होता है। पर्यटक न तो शराब पी सकते हैं और न ही अपने साथ ला सकते हैं।
क्या ईरान में शराब लाना मना है?
ईरान के एयरपोर्ट पर सामान की एक्स-रे स्कैनिंग होती है। अगर किसी के बैग में शराब पाई गई तो शराब जब्त कर ली जाती है जिसके बाद पूछताछ हो सकती है और कानूनी कार्रवाई भी संभव है। यहां तक कि लिकर-भरी चॉकलेट लाना भी गैरकानूनी है।
क्या कोई ईरान में शराब खरीद सकता है?
ईरान में कोई शराब की दुकान नहीं है। हालांकि, सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त गैर-मुस्लिम अल्पसंख्यकों-जैसे अर्मेनियाई ईसाई, यहूदी, पारसी और दूसरे धर्म के लोगों को अपने धार्मिक या निजी स्थानों (घर या पूजा स्थल) में सीमित मात्रा में शराब पीने की अनुमति है। लेकिन वे शराब बेच नहीं सकते और न ही मुसलमानों के साथ साझा कर सकते हैं। हालांकि यह छूट पर्यटकों पर लागू नहीं होती।
शराबबंदी और काला बाजार का खतरनाक सच
शराब पर प्रतिबंध के कारण ईरान में एक अवैध काला बाजार पनप गया है। यहां बिना लाइसेंस की भट्टियों में बनाई जाने वाली घर की शराब को आमतौर पर "अराग" कहा जाता है। यह बेहद खतरनाक है क्योंकि इसमें अक्सर मेथनॉल मिलाया जाता है, जिससे उल्टी और पेट दर्द, लिवर और किडनी फेलियर, कोमा, स्थायी अंधापन और यहां तक कि मौत भी हो सकती है। घर में बनी शराब रखना भी व्यावसायिक शराब जितना ही गंभीर अपराध माना जाता है। बावजूद इन सब के शराब का अवैध कारोबार स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से चलता रहता है। इसीलए वहां से समय-समय पर अवैध शराब पीने से मरने जैसी खबरें सामने आती रहती हैं।
शराब तस्करी: हाई रिस्क, हाई सज़ा
ईरान में शराब की तस्करी करना बेहद जोखिम भरा है। अगर कोई पकड़ा गया तो गिरफ्तारी, भारी जुर्माना, जेल हो सकती है। अगर शराब की तस्करी करने वाला विदेशी पाया जाता है तो डिपोर्टेशन (देश से बाहर निकालना) जैसी सख्त कार्रवाई हो सकती है।
तो क्या ईरान घूमने की योजना छोड़ देनी चाहिए?
हालांकि ईरान में शराब, बार और नाइटलाइफ़ नहीं है, लेकिन इसके बदले यहां शानदार प्राकृतिक नज़ारे, ऐतिहासिक स्थल, समृद्ध कला और संस्कृति, और बेहद मेहमाननवाज़ लोग मिलते हैं।
कई पर्यटक बिना शराब के भी ईरान की यात्रा को यादगार बताते हैं।
पियें तो पियें क्या?
शराबबंदी के बाद ईरान में कई अनोखे और स्वादिष्ट नॉन-अल्कोहलिक ड्रिंक्स लोकप्रिय हुए हैं। शरबत ठंडा, मीठा और ताज़गी देने वाला पेय है। इसके लोकप्रिय फ्लेवर हैं सिकंजबीन, तोखम शर्बती (तुलसी के बीज), खाकशीर और केसर ईरान में "शर्बत खाने" नाम के पारंपरिक कैफे सिर्फ इन पेयों के लिए मशहूर हैं।
नमकीन दही ड्रिंक
दूघ दही, पानी और जड़ी-बूटियों से बना नमकीन पेय है। इसे अक्सर कबाब और दीज़ी जैसे भारी खाने के साथ पिया जाता है। ध्यान रखें: यह पेय नींद लाने वाला माना जाता है।
चाय (Chay): ईरान का राष्ट्रीय पेयचाय ईरान का सबसे लोकप्रिय पेय है। इसे दिन में कई बार पिया जाता है, आमतौर पर शुगर क्यूब, नबात (मिश्री) या बकलावा (टर्किश मिठाई) के साथ।
बीयर तो है लेकिन बिना नशे वाली
ईरान में नॉन-अल्कोहलिक बीयर आसानी से मिल जाती है। यह नींबू, आड़ू और ट्रॉपिकल फ्लेवर में आती है। 'डेलस्टर' जैसे ब्रांड काफी लोकप्रिय हैं।
यही ईरानी मेहमाननवाज़ी को सही मायनों में समझने का तरीका है। इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications