ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन का संदेश- इस बार की दिवाली दिखाएगी कोरोना से जीत का रास्ता
नई दिल्ली। हाल ही में कोरोना से जंग जीतकर आए ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने अपने दिवाली संदेश में कहा कि यह त्योहार विजय का और बुराई पर अच्छाई की जीत का है। जॉनसन ने कहा कि यह पर्व आशा भरा यह भी संदेश देता है कि हम कोरोना महामारी पर विजय पाएंगे। उन्होंने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए देशवासियों से सामूहिक प्रयास की अपील की। आपको बता दें कि दूसरे दौर के संक्रमण को देखते हुए इंग्लै में 2 दिसंबर तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने कहा, "निश्चित रूप से आगे बड़ी चुनौतियां हैं, लेकिन मुझे लोगों की संकल्प शक्ति, उनकी लड़ने की क्षमता और उनकी समझदारी पर उतना ही भरोसा है कि हम इस बीमारी से पार पा लेंगे, जैसा कि दीपावली हमें सिखाता है कि रोशनी की विजय अंधकार पर होती है, अच्छाई की जीत बुराई पर होती है, और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत होती है।" बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को 10 डाउनिंग स्ट्रीट से हिन्दू समुदाय के लोगों के लिए अपना संदेश जारी किया।
जिस तरह भगवान राम और उनकी पत्नी सीता राक्षस राज रावण को हराकर लौट रहे थे तो लाखों दीयों से उनका स्वागत किया जा रहा था, इसी तरह से इस दिवाली हमलोग भी कोरोना के बीच अपना रास्ता बनाएंगे और इस बीमारी के खिलाफ जीत हासिल करेंगे। पीएम जॉनसन ने भारतीय समुदाय के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में भारतीय मूल के लोगों ने सुरक्षित दिवाली मनाने के लिए काफी त्याग किया है और इस बीमारी से लड़ने में प्रशासन का सहयोग दिया है। उन्होंने वर्चुअल दिवाली की तारीफ की और कहा कि वे जानते हैं कि दूरियों का पालन कर त्योहार मनाना आसान नहीं है, वो भी तब जब आप एक साथ आना चाह रहे हो, जब आप दिवाली के मौके पर अपने दोस्तों के साथ मस्ती करना चाह रहे हों और उनके साथ समोसा और गुलाब जामुन शेयर करना चाहते हों।












Click it and Unblock the Notifications