12 फीट लंबा Jaws मूवी वाला मॉन्स्टर शार्क दिखा, क्या ये इंसानों को खाते हैं जानिए सच
दिल्ली, 9 मई। आपने हॉलीवुड की Jaws मूवी देखी होगी या नाम सुना होगा। इस फिल्म में ग्रेट व्हाइट शार्क को दिखाया गया है जो इंसानों पर हमला करता है। स्टीवन स्पीलबर्ग निर्देशित यह मूवी 1975 में आई थी। ग्रेट व्हाइट शार्क को जिस तरह से सिनेमा में डरावना दिखाया गया है, सच उससे ठीक उलट है। पहले तो हम आपको यह बता दें कि 28 मार्च को 453 किलो का 12 फीट लंबा ग्रेट व्हाइट शार्क अमेरिका के न्यू जर्सी के समुद्र किनारे दिखा। इसको OCEARCH नाम के नॉन प्रोफिट मरीन रिसर्च ग्रुप के खोजकर्ताओं ने ट्रैक किया। OCEARCH ने ही इस शार्क को पहली बार 2019 के अक्टूबर में खोजा था। तभी ही इस शार्क के मूवमेंट को ट्रैक करने के लिए इसमें इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकर फिट कर टैग किया गया था। इस शार्क का नाम आयरनबाउंड रखा गया था।

कहां जाते हुए फिर से देखा गया आयरनबाउंड?
यह व्हाइट शार्क सबसे पहले 3 अक्टूबर 2019 को नोवा स्कोटिया के ल्यूनेनबर्ग के पास पश्चिमी आयरनबाउंड द्वीप के समुद्र में देखा गया था। इसलिए इसका नाम आयरनाउंड रखा गया। यह 28 अप्रैल 2022 को न्यू जर्सी के बीच पर पानी में फिर से दिखा। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, OCEARCH के प्रमुख वैज्ञानिक बॉब ह्यूटर ने इस ग्रेट व्हाइट शार्क के बारे में बताया कि इसकी उम्र करीब 20 साल है। जबसे आयरनबाउंड की ट्रैकिंग की जा रही है तबसे यह 13000 मील (20,921 किमी) का सफर समुद्र में तय कर चुका है। बॉब ह्यूटर के मुताबिक, यह शार्क नोवा स्कोटिया और फ्लोरिडा कीज के बीच कई बार आया-गया। ग्रेट ह्वाइट शार्क हर साल गर्मियों में अटलांटिक सागर में कनाडा की तरफ समुद्र के उत्तरी इलाके में चला जाता है, फिर सर्दियों में यह मेक्सिको की खाड़ी की तरफ चला जाता है। इस बार भी आयरनबाउंड भरपूर खाने के तलाश में समंदर में कनाडा की तरफ जा रहा है। गर्मी यह उधर ही बिताएगा।

लुप्त हो रहे हैं ग्रेट ह्वाइट शार्क
वैज्ञानिक बॉब ह्यूटर का कहना है कि शार्क धरती पर करीब 40 करोड़ साल से हैं और समुद्र के इको सिस्टम और फूड चेन को संतुलित रखने में इसका अहम रोल है। पिछले चार दशकों में ग्रेट व्हाइट शार्क की आबादी में तेजी से गिरावट आई है। इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर ने ग्रेट व्हाइट शार्क को लुप्त होती प्रजाति के तौर पर चिन्हित किया है। ग्रेट ह्वाइट शार्क की आबादी दो वजहों से कम हो रही है। एक तो ये मछुआरों के जाल में फंस जाते हैं, दूसरी वजह यह है कि ओवरफिशिंग की वजह से ग्रेट ह्वाइट शार्क के खाने के लिए शिकार नहीं मिल पाते हैं।

क्या इंसानों को शिकार बनाते हैं ग्रेट ह्वाइट शार्क?
शार्क को देखते ही हमें उन हॉलीवुड फिल्मों की याद आ जाती है जिनमें इन विशालकाय मछलियों को इंसानों पर हमला करते दिखाया गया है। इससे ग्रेट ह्वाइट शार्क की छवि आदमखोर के तौर पर बनी है। लेकिन ऐसा नहीं है। इस विशालकाय शार्क पर रिसर्च करने वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि ये समुद्र में सील, सी लॉयन, ट्यूना, सालमोन और छोटे ह्वेल्स को खाते हैं। बीबीसी की एक रिपोर्ट में खोजकर्ताओं ने बताया है कि ग्रेट व्हाइट शार्क खून का प्यासा नहीं होता और यह एग्रेसिव भी नहीं होता, लड़ाई से दूर ही रहता है। ग्रेट ह्वाइट शार्क को करीब से देखने और जानने वाले डाइवर्स का कहना है कि यह बहुत शांत और सुंदर जीव है। इससे डरने की जरूरत नहीं है। बोट पर शार्क के हमले की खबरें कभी-कभार आती हैं लेकिन शार्क आदमखोर नहीं होते।












Click it and Unblock the Notifications