दानिश सिद्दीकी और तालिबान में क्या बात हुई थी? मेडिकल रिपोर्ट आई, खौफनाक कहानी का खुलासा
अफगान नेशनल सिक्योंरिटी काउंसिल और इंडियन नेशनल सिक्योरिटी अपार्टस ने पोस्टमार्टम और एक्स-रे रिपोर्ट की पुष्टि की है, जिसमें दानिश सिद्दीकी को कैसे मारा गया था, उसका पूरा ब्योरा दिया गया है।
काबुल, अगस्त 03: भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या के दो हफ्ते बाद उनका पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिससे पता चला है कि तालिबान ने हैवानों की तरह दानिश सिद्दीकी को मौत के घाट उतारा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिस बर्बरता का जिक्र किया गया है, यकीन मानिए, उसे जानकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी, जो इंटरनेशनल न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के चीफ फोटोग्राफर थे, उन्हें तड़पा-तड़पाकर तालिबान ने मौत के घाट उतारा था।
Recommended Video

दानिश सिद्दीकी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट
भारतीय न्यूज चैनल सीएनएन-न्यूज 18 के मुताबिक विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट से पता चला है कि तालिबान ने बेहद खौफनाक तरीके से भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी को मौत के घाट उतारा था। उनके एक्स-रे रिपोर्ट में कहा गया है कि तालिबान ने किसी भारी गाड़ी से उनके सिर को कुचल दिया था, जिसकी वजह से उनका सिर पूरी तरह से टूट चुका था। मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि दानिश सिद्दीकी को बर्बर तरीके से मारने के बाद उनके शरीर को किसी भारी गाड़ी में बांधकर घसीटा गया था और फिर उनके शरीर को कुचला गया था। रिपोर्ट के मुताबिक दानिश सिद्दीकी के मेडिकल रिपोर्ट को आदित्य राज कौल नाम के पत्रकार ने अफगानिस्तान में अलग अलग सोर्स के हवाले से हासिल किया है, जिसमें तालिबान की बर्बरता की कहानी दर्ज है।

दानिश सिद्दीकी से बर्बरता
अफगानिस्तान इंटेलिजेंस सूत्रों ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कहा है कि दानिश सिद्दीकी को 12 गोलियां बेहद नजदीक से मारी गईं थी, जिसकी वजह से कई गोलियां शरीर के आर-पार हो गई थी। वहीं, कई गोलियां दानिश सिद्दीकी के शरीर में भी मिली हैं। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक सभी गोलियां दानिश सिद्दीकी के शरीर पर ही चलाई गईं थीं, जिनमें से कुछ गोलियां उनके शरीर के पीछे वाले हिस्से में भी मारा गया था। वहीं, मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि दानिश सिद्दीकी के शरीर पर घसीटने के निशान मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि तालिबानी आतंकियों ने उनकी हत्या करने के बाद उनके शरीर को काफी दूर तक घसीटा होगा। वहीं दानिश के सिर और छाती को किसी भारी गाड़ी से कई बार कुचला गया था। मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी छाती और सिर पर भारी गाड़ी के टायर के निशान हैं, ऐसे में अनुमान लगाया गया है कि किसी एसयूवी गाड़ी से उनके शरीर को कई बार कुचला गया होगा।
दानिश सिद्दीकी का एक्स-रे रिपोर्ट
अफगान नेशनल सिक्योंरिटी काउंसिल और इंडियन नेशनल सिक्योरिटी अपार्टस ने पोस्टमार्टम और एक्स-रे रिपोर्ट की पुष्टि की है, जिसमें दानिश सिद्दीकी को कैसे मारा गया था, उसका पूरा ब्योरा दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जब तालिबान और अफगान सैनिकों के बीच मुठभेङ चल रहा था, उस वक्त दानिश सिद्दीकी को एक गोली का छर्रा लग गया था और मुठभेड़ के दौरान अफगान सैनिक परिस्थितिवश दो टुकड़ों में बंट गये थे और अफगान सैनिकों का एक गुट घायल दानिश सिद्दीकी को लेकर कंधार प्रांत के स्पिन बुल्डोक इलाके में स्थिति एक मस्जिद में चला गया था। जहां दानिश सिद्दीकी का प्राथमिक इलाज चल रहा था।

दानिश सिद्दीकी ने क्या कहा था ?
रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान के एक गुट ने अफगान सैनिकों का पीछा किया था और फिर मस्जिद के अंदर ही तीनों अफगान सैनिकों की हत्या कर दी गई। जब तालिबान के आतंकी दानिश से पूछताछ कर रहे थे, उस वक्त दानिश सिद्दीकी बार बार बता रहे थे कि वो इंटरनेशनल जर्नलिस्ट हैं और एक ऑर्गेनाइजेशन के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने अपना आईडी कार्ड भी तालिबान को दिखाया था और कहा था कि वो भारत के रहने वाले हैं। वहीं, उन्होंने अपना ट्विटर अकाउंट भी तालिबानी आतंकियों को दिखाया था। लेकिन, तालिबानी आंतिकियों ने दानिश सिद्दीकी की बात मानने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक तालिबानी आतंकी इसलिए काफी ज्यादा गुस्से में थे, क्योंकि दानिश सिद्दीकी को अफगान सैनिकों ने मस्जिद तक लाया था और वो तालिबान के खिलाफ रिपोर्टिंग कर रहे थे।

तालिबान के शीर्ष नेतृत्व से आया फरमान
रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबानी आतंकियों ने अपने शीर्ष नेतृत्व से दानिश सिद्दीकी को लेकर बात की थी और फिर ऊपर से दानिश सिद्दीकी को खामोश करने का आदेश दिया गया, जिसके बाद तालिबान के आतंकियों ने दानिश सिद्दीकी को 12 गोलियां मार दी और फिर उनके शव को घसीटते हुए मस्जिद से बाहर लाया गया। मस्जिद से शव को बाहर लाए जाने के बाद उनके शरीर में लगा बुलेट प्रूफ जैकेट को खोल दिया गया और उस वक्त उनकी कई तस्वीरें लेकर उसे वायरल कर दिया गया। तस्वीर वायरल होने के बाद जब तालिबान को पता चला कि उन्होंने एक इंटरनेशनल जर्नलिस्ट को मारा है, जिसे पुलित्जर अवार्ड भी मिल चुका है, तो फिर उन्होंने दानिश सिद्दीकी के शव को बुरी तरह से एसयूवी गाड़ी से कुचलना शुरू कर दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें।

दानिश सिद्दीकी को क्यों कुचला गया ?
अफगान सिक्योरिटी एजेंसी अभी तक पुख्ता तौर पर इस बात को नहीं जान पाई है कि आखिर हत्या करने के बाद तालिबान के आतंकियों ने दानिश सिद्दीकी के शव को बुरी तरह से क्यों कुचला था। लेकिन, अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद तालिबान उनके रॉयटर्स के लिए काम करने से नाराज थे और तालिबान मानता है कि उसके खिलाफ खबरें दिखाई जाती हैं, वहीं एक दूसरा अनुमान ये लगाया जा रहा है कि तालिबान शायद इसलिए गुस्सा हो, क्योंकि दानिश सिद्दीकी को अफनानिस्तान के सैनिक बचाने के लिए मस्जिद तक लाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान इंटेलीजेंस ने तमाम सबूतों और जानकारियों को अपने भारतीय समकक्षों के साथ साझा किया है।












Click it and Unblock the Notifications