Joe Biden Farewell Speech: 'अमेरिकी गलत सूचना के शिकार', ट्रंप की शपथ से पहले बाइडेन ने जताई चिंता
Joe Biden Farewell Speech: जो बाइडेन ने 16 जनवरी को ओवल ऑफिस से बतौर अमेरिकी राष्ट्रपति अंतिम भाषण देते हुए राष्ट्र को संबोधित किया। राष्ट्रपति बाइडेन ने अपने कार्यकाल के चार सालों पर रोशनी डाली। उन्होंने सभी अमेरिकियों के लिए राष्ट्रपति होने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने अमेरिकी लोकतंत्र की विरासत के बारे में भी बात की।
अपने भाषण में उन्होंने आगामी चार सालों के लिए अपनी विभिन्न चिंताओं पर भी प्रकाश डाला, खास तौर पर 'सत्ता का दुरुपयोग और लोगों के हाथों में धन का संकेन्द्रण'। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थानों की मजबूती, जलवायु परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, और सत्ता और धन के बढ़ते केंद्रीकरण पर चर्चा की। आपको बता दें कि 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के साथ उनके कार्यकाल का अंत होगा। आइए बाइडेन के बतौर राष्ट्रपति अंतिम भाषण पर नजर डालें...

बाइडेन का भाषण: मुख्य बातें
- लोकतंत्र और स्वतंत्र प्रेस का महत्व: बाइडेन ने कहा कि अमेरिका के लोकतंत्र को "अत्यधिक धनवानों के कुलीनतंत्र" से खतरा है। उन्होंने स्वतंत्र प्रेस को संरक्षित करने और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही। बाइडेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
- जलवायु परिवर्तन पर चेतावनी: बाइडेन ने कहा कि शक्तिशाली ताकतें जलवायु नीतियों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने इसे देश के लिए एक बड़ी चुनौती बताया।
- काले धन पर रोक लगाने की अपील: बाइडेन ने राजनीति में काले धन के प्रभाव को खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "धन और सत्ता का संकेन्द्रण अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है।"
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(AI) पर नेतृत्व: बाइडेन ने कहा कि अमेरिका को AI और तकनीक में विश्व का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने नई तकनीकों से जुड़े सुरक्षा उपाय लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
- संवैधानिक संशोधन की मांग: बाइडेन ने कार्यालय में किए गए अपराधों पर प्रतिरक्षा हटाने के लिए संविधान में संशोधन की वकालत की। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब डोनाल्ड ट्रंप पर कई गंभीर आरोप हैं।
कमला और डग हैरिस 'परिवार की तरह'
बाइडेन ने अपने प्रशासन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, और सेना के सदस्यों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कमांडर-इन-चीफ के रूप में सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। कमला और डग हैरिस को उन्होंने "परिवार की तरह" बताया।
अमेरिका के लिए चेतावनी और भविष्य की राह
- बाइडेन ने अपने भाषण में अमेरिकी समाज में गलत सूचनाओं के खतरे, स्वतंत्र प्रेस की गिरावट, और लोकतंत्र को बचाने की जरूरत पर जोर दिया।
- उन्होंने कहा कि देश को सभी लोगों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना होगा। राष्ट्रपति बाइडेन का अंतिम भाषण उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और चुनौतियों का आईना था। उन्होंने अमेरिकी जनता को सतर्क रहने, गलत सूचनाओं से बचने, और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
ये भी पढ़ें- Donald Trump Criticizes Biden:'मूर्खतापूर्ण कदम', बाइडेन की यूक्रेन हथियार नीति पर ट्रंप की कड़ी आलोचना












Click it and Unblock the Notifications