जापानी IT कंपनी एनईसी कॉर्पोरेशन का ऐलान, भारत में स्मार्ट सिटी और 5 जी प्रोजेक्ट में देंगे हम अपना योगदान
टोक्यो, मई 23। जापान में 24 मई को होने वाली क्वाड देशों की अहम मीटिंग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान पहुंच गए हैं। अपने इस दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने जापान में औद्योगिक इकाइयों का नेतृत्व करने वाले 36 सीईओ से मुलाकात की है। इस मुलाकात का उद्देश्य जापानी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने का था। इस मुलाकात के बाद जापान की आईटी कंपनी एनईसी कॉर्पोरेशन ने भारत में निवेश के लिए बड़ा ऐलान किया है।

कंपनी के सीईओ ने की घोषणा
दरअसल, कंपनी के सीईओ नोबुहिरो एंडो ने कहा है कि उनकी कंपनी भारत में स्मार्ट सिटी और 5जी प्रोजेक्ट में योगदान देगी। टोक्यो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के बाद एंडो ने कहा कि भारत में क्षमताओं को बनाने और बढ़ाने का एक मजबूत इरादा है। एंडो ने कहा कि भारत में स्मार्ट सिटी बनाने की योजना में जापान अपना योगदान देगा।
क्या कहा नोबुहिरो एंडो ने?
नोबुहिरो एंडो ने भारत के साथ स्मार्ट सिटी और 5जी प्रोजेक्ट में अपने सहयोग को लेकर कहा, "स्मार्ट सिटी के नजरिए से हम एप्लिकेशन से योगदान कर सकते हैं और 5G जैसे टेलिकॉम प्लेटफॉर्म भी प्रदान कर सकते हैं। हमारे पास पहले से ही उन सभी क्षेत्रों का समाधान है।" एंडो ने कहा कि भारत में सुरक्षित 5G सिस्टम प्रदान करने के लिए भारत में दूरसंचार ऑपरेटरों के साथ सहयोग में अपना पूरा समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि एप्लिकेशन को लागू करने के लिए, हमें भारत के साथ संचार करने की आवश्यकता है और 5G सिस्टम प्रदान करने के लिए, हमें इसकी पुष्टि करने की आवश्यकता है।
'6 हजार इंजीनियरों के साथ पहले ही चल रहा है काम'
नोबुहिरो एंडो ने कहा कि भारत में क्षमता बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए बहुत अवसर हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हाल ही में भारत में विभिन्न सुधार किए हैं। हमें खुद को बढ़ाने के बारे में चर्चा करने की आवश्यकता है। हालांकि विकास के दृष्टिकोण से हम पहले से ही भारत के 6000 इंजीनियरों के साथ इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, जिसे हम आगे भी जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications