जापान में 600 साल पुराने टॉयलेट में व्यक्ति ने घुसा दी कार, जानें क्यों कहा जाता था सौ लोगों का शौचालय
एक जापानी व्यक्ति ने गलती से अपनी कार को सदियों पुराने बौद्ध मंदिर में देश के सबसे पुराने शौचालय से भिड़ा दिया, जिससे यह आंशिक रूप से नष्ट हो गया। वह व्यक्ति सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का काम करता है।
Japan's Oldest Toilet: जापान में एक व्यक्ति ने गलती से अपनी कार को सदियों पुराने बौद्ध मंदिर (Buddhist temple) में स्थित सबसे पुराने शौचालय (oldest toilet) से भिड़ा दिया, जिससे यह आंशिक रूप से नष्ट हो गया है। इस मंदिर का नाम टोफुकुजी (Tofukuji) है जो पश्चिमी क्योटो (Kyoto) में स्थित है। हैरानी कि बात तो ये है कि जिस व्यक्ति की कार से शौचालय को नुकसान पहुंचा है वह सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का काम करता है।

Photo- KYOTO BOARD OF EDUCATION / VIA KYODO
गाड़ी रिवर्स करते वक्त हुआ हादसा
जापान के सबसे पुराने शौचालय को हुई क्षति के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि क्योटो हेरिटेज प्रिजर्वेशन एसोसिएशन का 30 वर्षीय व्यक्ति जब अपनी कार को पीछे कर रहा था तभी उसकी कार इस टॉयलेट के सदियों पुराने दरवाजे से टकरा गई। कार की टॉयलेट से हुई इस टक्कर में टॉयलेट का दरवाजा पूरी तरह बर्बाद हो गया और टॉयलेट के अंदर की दीवारों को भी नुकसान हुआ है। क्योटो के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसे सही करने के लिए बहुत काम करना पड़ेगा।
मुरोमाची काल में बना शौचालय
जापान का यह सबसे पुराना शौचालय मुरोमाची काल (1336-1573) में बना बताया जाता है। यह टॉयलेट इतना पुराना होने की वजह से जापान की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संपत्ति में से एक है। क्योटो में टोकुकुजी मंदिर के प्रवक्ता कौडौ उनो ने कहा कि इस घटना में लगभग 600 साल पुराने लकड़ी का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया है। कौडौ उनो ने कहा "यह शौचालय एक ऐतिहासिक कलाकृति है, इसलिए जब यह क्षतिग्रस्त हुआ तो हमें काफी दु:ख पहुंचा।"

Photo- Nippon.com
'सौ लोगों का शौचालय' पड़ा नाम
इस शौचालय को 'हयाकुसेचिन' नाम मिला था। जापानी में हयाकुसेचिन का अर्थ 'सौ व्यक्तियों का शौचालय' होता है। इसे यह नाम इसलिए दिया गया क्योंकि 1868 में मीजी युग की शुरुआत तक इस शौचालय का इस्तेमाल 100 से भी अधिक प्रशिक्षु भिक्षुओं ने किया था। हयाकुसेनिन एक समय में 40 लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जा सकता था। दो भागों में बंटे इस शौचालय के प्रत्येक हिस्से में 20-20 छेद हैं। हयाकुसेचिन शौचालय सौ सालों से भी अधिक समय से जनता के लिए बंद कर दिया गया है। साल 1902 में जापानी सरकार ने इसे एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संपत्ति में जोड़ा था। उनो के मुताबिक यह जापान में सबसे पुराना शौचालय है।












Click it and Unblock the Notifications