जापान के पीएम आबे ने शेयर किया वीडियो तो भड़के लोग, ट्रेंड हुआ- 'खुद को क्या समझते हैं आप?'
जापान के पीएम आबे ने शेयर किया वीडियो तो ट्रेंड हुआ- खुद को क्या समझते हैं आप?
नई दिल्ली। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने रविवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। उनके इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें तीखी प्रतिक्रिया मिल रही है। आबे के 'घर के अंदर ही रहें' के संदेश के बाद रविवार को उनके लिए सोशल नेटवर्क पर 'खुद को क्या समझते हैं आप' ट्रेंड होता रहा। कई यूजर्स ने उनके संदेश को असंवेदनशील कहा है।

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अपने पालतू कुत्ते के साथ एक वीडियो साझा किया था। इसमें वह अपने कुत्ते के साथ सोफे पर बैठे, चाय पीते और पढ़ते हुए लोगों को घर पर रहने का संदेश देते नजर आ रहे हैं। वहीं इसमें वहां के लोकप्रिय गायक जनरल होशिनो भी दिखाई दे रहे हैं, जो गिटार बजाते नजर आ रहे हैं। वो नाचते हुए लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का सहयोग करने के लिए आमंत्रित करते नजर आ रहे हैं।
बहुत सारे लोगों को पीएम आबे का ये तरीका पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों ने लिखा कि महामारी के बीच इस तरह का वीडियो जारी करना उनकी असंवेदनशीलता दिखाता है। एक ट्विटर यूजर ने कहा, यह लक्जरी का वीडियो ऐसे समय में दिखाया जा रहा है, जब लोग अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं। जापानी लोगों ने ट्वीट कर लिखा कि आबे 'किसी राजा की तरह तरह पेश आ रहे हैं। उनके वीडियो के बाद 'वह खुद को क्या समझते हैं' ट्रेंड करने लगा। जापान में कोरोना संक्रमण के 7,260 मामले सामने आ चुके हैं। जापान में कोरोना की रोकथाम के लिए आपातकाल घोषित किया गया है और लोगों से घर पर रहने की अपील की गई है।
友達と会えない。飲み会もできない。
— 安倍晋三 (@AbeShinzo) April 12, 2020
ただ、皆さんのこうした行動によって、多くの命が確実に救われています。そして、今この瞬間も、過酷を極める現場で奮闘して下さっている、医療従事者の皆さんの負担の軽減につながります。お一人お一人のご協力に、心より感謝申し上げます。 pic.twitter.com/VEq1P7EvnL
भारत और दुनियाभर के ज्यादातर देशों में में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि देश भर में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 9352 हो चुके हैं जबकि देश में इससे अब तक 324 लोगों की मौत हो चुकी है। दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या 18 लाख को पार कर गई है। अब तक 18,62,028 लोगों में संक्रमण पाया जा चुका है। एक लाख 15 हजार लोगों की मौत अब तक हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications