इटलीः PM मेलोनी और उनकी बहन ने गायक और कार्टूनिस्ट पर ठोका केस, गाली देने और अश्लील कार्टून बनाने से नाराज
इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और उनकी बहन एरियाना मेलोनी ने एक ब्रिटिश रॉक बैंड प्लेसबो और एक अखबार के कार्टूनिस्ट के खिलाफ मानहानि का मुकदमा ठोक दिया है।
ब्रायन मोल्को ने जुलाई में इटली में एक बैंड के प्रदर्शन के दौरान पीएम मेलोनी को 'नस्लवादी' और 'फासीवादी' कहा था। अभियोजकों ने राज्य संस्थानों का अपमान करने के लिए मोल्को के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मेलोनी ने प्रसिद्ध रॉक बैंड प्लेसबो के प्रमुख गायक ब्रायन मोल्को के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
वहीं, पीएम जॉर्जिया मेलोनी की बड़ी बहन और आगामी यूरोपीय संसद चुनावों में संभावित उम्मीदवार एरियाना मेलोनी ने एक वामपंथी कार्टूनिस्ट मारियो नटेंजेलो के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है। दरअसल कार्टूनिस्ट ने एक कार्टून में एरियाना मेलोनी को बिस्तर पर एक अश्वेत आदमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया था।
मारियो नटेंजेलो के इस कार्टून में एक संवाद भी है जो इटली की प्रवासी नीतियों के संवेदनशील मुद्दे को छूता है। पीएम और उनकी बहन के इस कदम से इटली की राजनीति में भूचाल मच गया है। विरोधियों का कहना है कि इससे कलात्मक अभिव्यक्ति और बोलने की स्वतंत्रता बाधित हो सकती है।
पत्रकार संघों के अनुसार, यूरोप में मीडिया के ख़िलाफ़ मानहानि के मुक़दमे की दर सबसे अधिक इटली में ही है। इससे पहले भी इटली में लेखक रॉबर्टो सविआनो को आप्रवासन पर मेलोनी के रुख के बारे में की गई टिप्पणियों के लिए मुकदमे का सामना करना पड़ रहा है।
रोम में एक न्यायाधीश ने फैसला सुनाया कि लेखक पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। दोषी पाए जाने पर सविआनो को तीन साल तक की जेल का सामना करना पड़ सकता है।
इटली की आपराधिक संहिता के तहत, जो कोई भी सार्वजनिक रूप से गणतंत्र को बदनाम करता है", जिसमें सरकार, संसद, अदालतें और सेना शामिल हैं, को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications