दक्षिणी गाजा पट्टी से इजराइल ने सभी सैनिकों को बाहर निकाला, क्या PM नेतन्याहू खत्म करने वाले हैं ऑपरेशन?
Israel-Hamas War: क्या इजराइल अब गाजा पट्टी में ग्राउंड ऑपरेशन खत्म करने की दिशा में बढ़ रहा है, क्योंकि, इजराइल के एक सैन्य प्रवक्ता ने रविवार को कहा है, कि इजरायली सेना ने एक ब्रिगेड को छोड़कर दक्षिणी गाजा पट्टी से सभी जमीनी सैनिकों को वापस बुला लिया है।
हालांकि, इजराइली सेना ने इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी है, लिहाजा फिलहाल ये साफ नहीं हो पाया है, कि क्या सैनिकों की वापसी से दक्षिणी गाजा शहर रफा में अब इजराइली सैनिक ग्राउंड ऑपरेशन नहीं चलाएंगे, जिसके बारे में लंबे समय से बात हो रही है।

इजराइली नेताओं ने बार-बार कहा है, कि हमास को खत्म करने के लिए रफा में ग्राउंड ऑपरेशन चलाना जरूरी है।
दक्षिणी गाजा पट्टी से निकले इजराइली सैनिक
इजराइली सैनिकों की वापसी तब हुई है, जब मिस्र युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते पर पहुंचने के मकसद से नए दौर की वार्ता की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है। छह महीने पहले 7 अक्टूबर को हमास ने इजराइल पर हमला किया था और उसके बाद से ही हमास को खत्म करने के मकसद से इजराइल, गाजा पट्टी में ऑपरेशन चला है।
गाजा पट्टी का रफा शहर, मिस्र की सीमा के पास स्थिति है जहां 10 लाख से ज्यादा विस्थापित फिलीस्तीनियों ने शरण ले रखी है। और आशंका है, कि अगर इजराइल रफा में ग्राउंड ऑपरेशन चलाता है, तो भारी संख्या में शरणार्थी मारे जा सकते हैं। इसके अलावा, रफा में ग्राउंड ऑपरेशन चलने से शरणार्थियों के पास कहीं और जाने का रास्ता नहीं बचेगा।
दूसरी तरफ, अभी भी हमास के कब्जे में सवा सौ से ज्यादा इजराइली मौजूद हैं और प्रधानमंत्र बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है, कि जब तक सभी बंधकों की रिहाई नहीं हो जाती है, इजराइली ऑपरेशन खत्म नहीं होगा। हमास नियंत्रित गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है, कि अभी तक 31 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
नेतन्याहू के खिलाफ भारी प्रदर्शन
दूसरी तरफ, इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ भारी प्रदर्शन किए जा रहे हैं और हजारों लोग बंधकों की वापसी और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर येरूशलम सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारी बेंजामिन नेतन्याहू सरकार पर हमास को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है।
गाजा के अंदर, इजरायल के हमले में हजारों लोगों की मौत और दस लाख से ज्यादा फिलिस्तीनी विस्थापित हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र के मानवतावादी प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ्स ने युद्ध के छह महीने पूरे होने पर एक बयान में कहा, कि "हम एक भयानक मील के पत्थर पर पहुंच गए हैं" और उन्होंने "शर्मनाक मानव निर्मित अकाल की आशंका" का भी जिक्र किया है। उन्होंने गाजा में और तनाव बढ़ने की संभावना को "अचेतन" बताया है।












Click it and Unblock the Notifications