हिज्बुल्लाह को इजराइल ने बना डाला कंगाल? 4200 करोड़ के खजाने को खोजा, तहखाने में भरा है सोना और कैश ही कैश
Israel-Hezbollah War: लेबनान पर इजराइल की बमबारी लगातार जारी है और इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने सोमवार (21 अक्टूबर) को कहा है, कि उसने पिछले 24 घंटों में लेबनान में लगभग 300 ठिकानों पर हमला किया है, जिनमें से लगभग 30 हिज्बुल्लाह से जुड़े वित्तीय समूह अल-कर्द अल-हसन से संबंधित थे।
सोमवार को, इजराइल ने हिज्बुल्लाह पर बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियाह में एक अस्पताल के नीचे एक बंकर में करोड़ों डॉलर की नकदी और सोना रखने का भी आरोप लगाया।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, IDF के प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हैगरी ने खुलासा किया, कि बंकर पूर्व हिज्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह का था और इसने यहां पर अरबों के कैश और गोल्ड छिपा रखे हैं। इजराइल का कहना है, कि इतने पैसों से लेबनान का कायाकल्प किया जा सकता था, लेकिन लेबनान के बजाए, इनका इस्तेमाल हिज्बुल्लाह को मजबूत बनाने के लिए किया गया है।
नसरल्लाह के बंकर में भरा है कैश और गोल्ड
सोमवार को, IDF ने एक बंकर के बारे में खुफिया जानकारी को सार्वजनिक किया, जिसके बारे में उनका दावा है, कि यह मारे जा चुके हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह का था। IDF के प्रवक्ता ने कहा, कि यह बंकर दक्षिणी बेरूत उपनगर दहियाह में अल-साहेल अस्पताल के नीचे स्थित था, जहां हिजबुल्लाह का मुख्य आधार है।
IDF ने कहा है, कि बंकर, जिस पर अभी तक उसने हमला नहीं किया है, उसे लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया था। बंकर के बारे में और जानकारी देते हुए, IDF ने कहा, कि यह हिज्बुल्लाह के केंद्रीय धन गोदाम के रूप में काम करता था, और लेबनानी नागरिकों से पैसे चुराकर और उगाहकर हिज्बुल्लाह ने अपने खजाने को भर लिया था, जिसका इस्तेमाल आतंकवाद के लिए किया जाता था।
IDF ने हिज्बुल्लाह की संरचना का एक ग्राफिक फोटो और एक वीडियो सिमुलेशन दिखाया है। हगारी ने आगे कहा, कि "इस बंकर को जानबूझकर अस्पताल के नीचे और उसके दोनों तरफ रखा गया है।" उन्होंने कहा, कि "आप उन इमारतों को देख सकते हैं, जिनके नीचे बंकर के प्रवेश द्वार स्थित हैं।
आईडीएफ ने खुलासा किया है, कि उनकी खुफिया जानकारी से पता चला है कि बंकर में वर्तमान में 500 मिलियन डॉलर (4,200 करोड़ रुपये) की नकदी और सोने के ढेर हैं। दिलचस्प बात यह है, लेबनान में हिज्बुल्लाह ने भी वैसे ही ठिकाने बनाए हैं, जैसे ठिकाने हमास ने गाजा पट्टी में बनाए थे और इजराइल का दावा है, कि वो लेबनान में हिज्बुल्लाह का हाल भी गाजा जैसा ही कर देगा। पिछले साल, जब इजराइल ने गाजा पर लगातार बमबारी शुरू की, तो उसने दावा किया था, कि हमास अस्पतालों और आवासीय भवनों के नीचे छिपा हुआ है।
दरअसल, सोमवार को आईडीएफ के आरोप पिछले साल गाजा के अल-शिफा अस्पताल के बारे में लगाए गए आरोपों की याद दिलाते हैं, जिसके बारे में इजराइल ने दावा किया था कि वहां हमास का एक बड़ा केंद्र है।
सोमवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में, IDF प्रवक्ता ने लेबनानी अधिकारियों से हिज्बुल्लाह के ठिकानों की जांच करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, "मैं लेबनानी सरकार, लेबनानी अधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अपील करता हूं, कि वे हिज्बुल्लाह को आतंक के लिए और इजरायल पर हमला करने के लिए पैसे का इस्तेमाल न करने दें।"
अस्पताल ने किया इजराइली दावों का खंडन
हालांकि, इजराइली डिफेंस फोर्स की तरफ से किए गये इन दावों का अस्पताल के कर्मचारियों ने खंडन किया है। अस्पताल के प्रमुख फदी अलमेह ने इन आरोपों को झूठा माना है। उन्होंने रॉयटर्स को बताया, कि इजराइल झूठे और बदनामी भरे दावे कर रहा है और उन्होंने लेबनानी सेना से कहा, कि वह वहां जाए और दिखाए कि उसके पास केवल ऑपरेटिंग रूम, मरीज और मुर्दाघर है।
उन्होंने आगे कहा, कि अस्पताल में काम कर रहे चिकित्सा कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है, क्योंकि उन्हें डर है कि इजराइल इस पर हमला कर सकता है, हालांकि यहूदी राष्ट्र ने पहले कहा था, कि वह इस सुविधा पर हमला नहीं करेगा।
अलामेह, जो हिज्बुल्लाह सहयोगी अमल के सांसद भी हैं, उन्होंने कहा है, कि वह लेबनानी सेना या अन्य पर्यवेक्षकों के लिए तैयार हैं, जो अस्पताल में आकर दावों को गलत साबित करने के लिए निरीक्षण करें।
हिज्बुल्लाह के खजाने का पता
सोने और पैसे से भरे बंकर को लेकर किए गये दावों ने इस बात पर भी प्रकाश डाला है, कि लेबनान स्थित आतंकवादी समूह को कैसे फंड किया जाता है। सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में, IDF ने खुलासा किया, कि ईरान इस समूह को कैसे वित्तपोषित करता है। हगरी ने कहा, कि ईरान की कुद्स फोर्स सीरिया में बेचे जाने वाले ईरानी तेल से हिजबुल्लाह को पैसे भेजती है, और इस्लामिक रिपब्लिक भी बेरूत में ईरानी दूतावास को हवाई जहाज से नकदी और सोने से भरे सूटकेस भेजता है, जो इसे सीधे हिज्बुल्लाह को भेजा जाता है।
इसके अलावा, हिज्बुल्लाह, आतंकवादी समूह की सैन्य शाखा को वित्तपोषित करने के लिए अर्ध-बैंकिंग प्रणाली, अल-क़र्द अल-हसन का भी उपयोग करता है। इजराइल के अनुसार, यह संस्था हथियारों की खरीद को फंड करती है और इसका उपयोग हिज्बुल्लाह लड़ाकों को भुगतान करने के लिए किया जाता है।
अमेरिकी ट्रेजरी ने 2007 से इस पर प्रतिबंध लगाए हैं और अमेरिका का कहना है, कि इसका इस्तेमाल हिज्बुल्लाह अपने समूह की फंडिंग के लिए करता है। और वित्तीय गतिविधियों को प्रबंधित करने और अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली तक पहुंच हासिल करने के लिए "एक कवर के रूप में" किया जाता है।
आज, अल-कर्द अल-हसन की लेबनान के आसपास 30 से ज्यादा शाखाएं हैं। देश में कई लोगों के लिए, यह एक जीवन रेखा के रूप में काम करता है; ऐसा इसलिए है क्योंकि 2019 में देश के वित्तीय पतन के बाद, यह एकमात्र बैंक था जिसने लोगों को नकद निकालने की अनुमति दी थी।












Click it and Unblock the Notifications