फिलीस्तीनियों को मरवाता रहेगा गाजा का शैतान..? UNSC के युद्धविराम प्रस्ताव पर पैंतरेबाजी, क्या करेगा इजराइल?
Israel-Hamas War: गाजा पट्टी में युद्धविराम को लेकर अमेरिका का प्रस्ताव 14-0 से यूनाइटेड नेशंस में पास हो चुका है, लेकिन ऐसा लगता है, कि हमास फिलीस्तीनियों को मरवाने पर अड़ा हुआ है और युद्धविराम पर नई शर्तें थोपकर बेगुनाहों की जान से खेल रहा है और खुद को पीड़ित की तरह दुनिया के सामने पेश कर रहा है।
हमास ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को, जिसे यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल के सभी देशों ने (वोटिंग से गैर-हाजिर रहा रूस) सही माना और जिसपर इजराइल भी तैयार हो गया है, उन शर्तो को मानने में हमास टालमटोल कर रहा है और उसे युद्धविराम समझौते को लागू करने के लिए और वक्त चाहिए।

इसका मतलब साफ है, कि हमास नहीं चाहता, कि गाजा पट्टी में तबाही रूके, इजराइली गोलीबारी बंद हो, वो नहीं चाहता, कि छोटे छोटे मासूम बच्चों का मरना बंद हो, क्योंकि मासूमों के शवों की तस्वीर सोशल मीडिया पर दिखाकर सहानुभूति बटोरना ही तो उसके प्रोपेगेंडा का हिस्सा है।
हमास ने इजराइल के साथ युद्धविराम के लिए एक नई समयसीमा का प्रस्ताव दिया है और इजराइल ने कहा है, कि हमास ने युद्धविराम प्रस्ताव की ज्यादातर शर्तो को खारिज कर दिया है।
गाजा को लेकर हमास का नया पैंतरा क्या है?
दरअसल, आतंकवादी संगठन हमास और फिलीस्तीन में उसके सहयोगियों ने मंगलवार को युद्धविराम की कोशिश में लगे मध्यस्थ देशों मिस्र और कतर को समझौते को लेकर अपनी प्रतिक्रिया सौंपी है। जिसको लेकर मिस्र के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया है, कि हमास ने इजराइल के साथ युद्धविराम और गाजा से इजराइली सैनिकों की वापसी को लेकर एक नई समयसीमा का प्रस्ताव दिया है।
हालांकि, मिस्र ने आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ भी बयान नहीं दिया है।
अधिकारी ने कहा, कि "हमने अपना पिछला रूख ही दोहराया है और अब गेंद इजराइल के पाले में है।"

वहीं, इजराइल ने कहा है, कि हमास की तरफ से जो प्रतिक्रिया दी गई है, वो युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज करने जैसा है। इजराइल ने कहा है, कि हमास के एक अधिकारी ने वही पुराने डिमांड्स को दोहराए हैं, जो नए प्रस्ताव से बिल्कुल अलग हैं।
इस बीच, मिस्र ने कहा है, कि दोहा और काहिरा, अमेरिका के साथ मिलकर दोनों पक्षों को एक समझौते पर राजी करने के लिए काम करना जारी रखेंगे और ये काम तबतक जारी रहेगा, जब तक की कोई समझौता नहीं हो जाता।
UNSC ने प्रस्ताव का किया समर्थन
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की तीन चरणों वाले युद्धविराम प्रस्ताव का समर्थन किया है और उन्होंने हमासे से युद्धविराम प्रस्ताव पर तैयार होने की अपील की थी।
वहीं, हमास के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया है, कि "हमास की मांग ये है, कि युद्धविराम से गाजा में शत्रुता का स्थायी अंत होना चाहिए, इजराइली सेना की पूरी तरह से वापसी होनी चाहिए, फिलिस्तीनी का पुनर्निर्माण होना चाहिए और इजरायल में फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई होनी चाहिए।
हमास के अधिकारी ने कहा, कि "हमने अपना पिछला रुख दोहराया है और मेरा मानना है, कि कोई बड़ा अंतर नहीं है। गेंद अब इजरायल के पाले में है।"
संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है, कि इजरायल ने UNSC में पास उसके प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, लेकिन इजरायल ने सार्वजनिक रूप से ऐसा नहीं कहा है। इजरायल, जो मध्य और दक्षिणी गाजा में अभी भी हमले कर रहा है, उसने बार-बार कहा है, कि वह हमास के खात्मे से पहले गाजा में अपने अभियान को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध नहीं है।
जबकि, इजरायल के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा, कि मध्यस्थों ने इजराइल को हमास का जवाब बता दिया है और हमास ने "सभी मुख्य और सबसे सार्थक प्रस्ताव को बदल दिया है।" नाम न बताने की शर्त पर बात करने वाले इजराइली अधिकारी ने कहा, कि हमास ने "राष्ट्रपति बाइडेन के बंधकों की रिहाई पर प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।"
मंगलवार को भी हमास और उसके सहयोगी फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद ने एक संयुक्त बयान में गाजा में युद्ध को खत्म करने के लिए समझौते पर "सकारात्मक रूप से पहुंचने की तत्परता" बताई थी, जिसे कुछ लोगों ने इस तरह से प्रस्तुत किया, कि हमास अमेरिका के प्रस्ताव को मानने के लिए तैयार हो गया है।

बाइडेन का सीजफायर प्लान क्या है?
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जो युद्धविराम पर प्रस्ताव दिया था, उसमें गाजा में कैद इजराइली बंधकों की रिहाई के बदले इजराइली जेल में बंद हमास कैदियों की चरणबद्ध रिहाई का प्रस्ताव दिया है।
बाइडेन का प्रस्ताव तीन चरणों की है, जिसकी शुरूआत 6 हफ्तों के युद्धविराम से शुरू होती है, जिसमें गाजा के आबादी वाले क्षेत्रों से इजरायली सेना की वापसी और कुछ बंधकों की रिहाई शामिल है। जिसके बाद मध्यस्थों के जरिए "शत्रुता के स्थायी अंत" पर बातचीत की जाएगी। हालांकि, व्हाइट हाउस ने मंगलवार को इजरायली अधिकारी की टिप्पणी पर फौरन प्रतिक्रिया नहीं दी।
इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था, कि वे हमास की प्रतिक्रिया की समीक्षा कर रहे हैं।
आपको बता दें, कि 7 अक्टूबर को हमास ने दक्षिणी इजराइल पर हमला किया था, जिसमें 1200 से ज्यादा इजराइली मारे गये थे और उसके बाद से ही इजराइल लगातार गाजा पर हमले कर रहा है, जिसमें अभी तक हमास का दावा है, कि 36 हजार से ज्यादा लोग मारे गये हैं। वहीं, हमास के कब्जे में अभी भी 100 से ज्यादा इजराइली बंधक बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications