ईरानी खिलाड़ी ने बगैर हिजाब लिया इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट में हिस्सा, क्या सजा सुनाएगा इस्लामिक शासन?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 दिसंबर तक ईरान में हिजाब के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में 495 प्रदर्शनकारी मारे गये हैं, जिनमें 68 नाबालिग हैं।
Irani Player Anti Hijab: ईरान में हिजाब के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच ईरानी खिलाड़ी लगातार हिजाब विरोधियों के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। ईरान में 17 सितंबर से चल रहे हिजाब के खिलाफ प्रदर्शन को लगातार खिलाड़ियों और अभिनेत्रियों से समर्थन मिल रहा है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना भी पड़ रहा है। ऐसे सेलिब्रिटीज के खिलाफ ईरानी सरकार काफी सख्त एक्शन ले रही है और उन्हें गिरफ्तार कर रही है। इस बीच एक और ईरानी खिलाड़ी ने बिना हिजाब पहले इंटरनेशनल शतरंज टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है।

बगैर हिजाब टुर्नामेंट में लिया भाग
ईरानी समाचार आउटलेट जमरान ने रिपोर्ट दी है, कि ईरानी शतरंज खिलाड़ी सारा खादेम, जिसे सरसदत खादेमलशरीह के नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने हिजाब के बिना एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लिया है। खादम सितंबर में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद हिजाब के बिना प्रतियोगिता में शामिल होने वाली बिल्कुल नई खिलाड़ी हैं। ईरानी समाचार ऑउटलेट ने सारा खादेम की तस्वीर भी प्रकाशित की है, जिसमें वो बिना हिजाब पहने शतरंज खेलती नजर आ रही हैं। आपको बता दें कि, इस वक्त कजाखस्तान के अल्माटी में FIDE वर्ल्ड रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप चल रही है, जिसमें भाग लेने वाली ईरानी खिलाड़ियों के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य है। लेकिन, दौरान ईरान के ड्रेस कोड के तहत अनिवार्य है।
ईरान की प्रसिद्ध खिलाड़ी हैं सारा खादेम
इंटरनेशनल चेस फेडरेशन के मुताबिक, 1997 में जन्मी शतरंज खिलाड़ी सारा खादेम को विश्व स्तर पर सक्रिय खिलाड़ियों की लिस्ट में 804 स्थान दिया गया है और ईरान में 10 वें स्थान पर रखा गया हैष अक्टूबर में, ईरानी पर्वतारोही एल्नाज रेकाबी ने भी अनिवार्य हिजाब के बिना दक्षिण कोरिया में एक प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, हालांकि बाद में उन्होंने कहा था, कि उनका हिजाब गिर गया था। लेकिन, ये साफ नहीं है, कि क्या उन्होंने किसी दबाव में अपना बयान बदला था। एल्नाज रेकाबी के अलावा भी कई ईरानी खिलाड़ियों ने एंटी-हिबाज प्रोटेस्ट का समर्थन किया है। नवंबर महीने में ईरानी तीरंदाज परमिदा घासेमी ने तेहरान में एक अवार्ड फंक्शन के दौरान अपने हिजाब को हटाकर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के लिए अपने समर्थन का ऐलान कर दिया था, लेकिन उन्होंने भी बाद में अपना बयान बदल दिया था और कहा था, कि उन्होंने हिबाज को गिरते हुए नहीं देखा। हालांकि, उनका जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें उन्हें खुद से अपना हेडस्कार्फ हटाते हुए देखा गया था।

प्रदर्शन कुचल रही ईरान सरकार
वहीं, ईरान की उप खेल मंत्री मरियम काज़ेमिपुर ने नवंबर में कहा था, कि जिन एथलीटों ने इस्लामिक मानदंडों के खिलाफ काम किया है, उन्हें बाद में अपने उठाए गये कदमों को लेकर "पछतावा" हुआ और वो "अपनी गलती को सुधारने के लिए अवसर की तलाश कर रहे हैं।" आपको बता दें कि, इसी महीने ईरान की सरकार ने ईरान की रहने वालीं हॉलीवुड फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री और ऑस्कर अवार्ड विजेता तरानेह अलीदूस्ती को भी हिजाब उतारने के लिए गिरफ्तार कर लिया है और तरानेह अलीदूस्ती को खौफनाक सजा देकर देश के तमाम प्रदर्शनकारियों के लिए एक उदाहरण सेट करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें ईरान की सबसे खौफनाक जेल में रखा गया है, जहां खूंखार कैदी बंद किए जाते हैं।

ईरान में जारी है भारी प्रदर्शन
ईरान में 17 सितंबर से हिजाब के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन लगातार तीसरे महीने प्रवेश कर चुका है और 500 प्रदर्शनकारियों की जान जाने के बाद भी प्रदर्शनकारियों में जोश बरकरार है । ईरान में हजारों प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ पिछले करीब 3 महीने से खड़े हैं, जबकि करीब 18 हजार प्रदर्शनकारी जेल में बंद किए जा चुके हैं। हिजाब के खिलाफ महिलाएं पिछले तीन महीने से इस्लामिक सरकार के खिलाफ डटी हुई हैं, भले ही उनके कई साथियों को ईरान की इस्लामिक सरकार ने सरेआम फांसी से क्या ना लटका दिया हो।












Click it and Unblock the Notifications